आज रेलवे स्टेशनों पर रहेगी कड़ी सुरक्षा
गाजियाबाद/साहिबाबाद। कृषि कानूनों के विरोध में किसानों के रेल रोको आंदोलन के एलान के चलते बृहस्पतिवार को गाजियाबाद व साहिबाबाद रेलवे स्टेशन कड़ी सुरक्षा में रहेंगे। बुधवार को आरपीएफ और जीआरपी के अधिकारियों ने संयुक्त बैठक कर रेलवे स्टेशनों की सुरक्षा का प्लान तैयार किया। बृहस्पतिवार सुबह 8 से रात 8 बजे तक करीब 100 से ज्यादा आरपीएफ और जीआरपी कांस्टेबल और सब इंस्पेक्टर समेत अन्य अधिकारी चप्पे-चप्पे पर निगरानी करेंगे। वहीं, किसानों की मोदीनगर, मुरादनगर में रेल रोकने की तैयारी है।
गणतंत्र दिवस पर ट्रैक्टर रैली के बाद 18 फरवरी को किसानों ने ट्रेनों के चक्का जाम करने की घोषणा करीब 15 दिन पहले से ही कर रखी है। गणतंत्र दिवस पर ट्रैक्टर रैली के दौरान दिल्ली में जमकर उपद्रव हुआ था। ऐसे में अब ट्रेन रोकने के ऐलान के बाद आरपीएफ और जीआरपी अलर्ट हो गए हैं। आरपीएफ इंस्पेक्टर पीकेजीए नायडू ने बताया कि बुधवार को जीआरपी अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा का प्लान तैयार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि साहिबाबाद व गाजियाबाद रेलवे स्टेशन के सभी प्लेटफार्म के साथ-साथ दिल्ली व कोटगांव आउटर पर भी सुरक्षा बल तैनात रहेगा। करीब 100 से ज्यादा स्टाफ तैनात रहेगा। उन्होंने बताया कि ट्रेनों के संचालन को बाधित नहीं होने दिया जाएगा। अगर किसी ने जबरन ट्रेन रोकने की कोशिश की तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।