अवैध कॉलोनी पर चला जीडीए का बुलडोजर
गाजियाबाद। अवैध कॉलोनियों के खिलाफ जीडीए की कार्रवाई बड़े पैमाने पर जारी है। बृहस्पतिवार को जीडीए जोन-दो की प्रवर्तन टीम ने मुरादनगर की हिसाली रोड स्थित सूर्या विहार कॉलोनी में चल रहे अवैध निर्माण को ढहा दिया। जीडीए की कार्रवाई का स्थानीय लोगों ने विरोध किया, लेकिन प्राधिकरण पुलिस के साथ मुरादनगर थाना पुलिस की मौजूदगी होने के कारण लोगों का विरोध काम नहीं आया।
दो दिन पहले भी जीडीए की टीम ने नूरनगर में एक अवैध कॉलोनी में चल रहे अवैध निर्माण को पूरी तरह से जमींदोज कर दिया था। लगातार हो रही जीडीए की ध्वस्तीकरण और सीलिंग की कार्रवाई से अवैध निर्माण करने वालों में हलचल है। ऐसे में बृहस्पतिवार को जोन-दो की प्रवर्तन टीम ने मुरादनगर की हिसाली रोड स्थित सूर्या विहार कॉलोनी में चल रहे अवैध निर्माण पर बुलडोजर चला दिया। जीडीए अधिकारियों के मुताबिक हिसाली रोड पर 35 हजार वर्ग मीटर क्षेत्रफल में अनाधिकृत रूप से अवैध प्लाटिंग की जा रही थी। कॉलोनी बसाने वाले कॉलोनाइजर को कई बार नोटिस जारी किए गए, इसके बावजूद निर्माण कार्य बदस्तूर जारी रहा। ऐसे में अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई की गई है।