उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा ने प्रचंड जीत दर्ज की। पार्टी की जीत में कई ऐसे विधायक रहे जो दोबारा अपनी सीट से चुनकर आए हैं, जिसमें लोनी के विधायक नंद किशोर गुर्जर भी हैं। वह अपने बयानों के लिए पिछले कार्यकाल में भी चर्चा में रहे थे और इस बार भी विधायक बनते ही उन्होंने विवादित बयान दे दिया है।
विधायक ने चेतावनी के लहजे में कहा कि लोनी में तुरंत मांस की दुकानों को बंद कराया जाए। बिना अनुमति के मांस का होटल बंद हो। कोई भी ओयो होटल, नशे का कारोबार, कोई गलत काम नहीं होना चाहिए। लॉ एंड ऑडर ऐसा हो कि लोग गर्व करें। उन्होंने कहा कि जैसी कानून-व्यवस्था पिछले पांच साल में रही वैसी ही रहनी चाहिए। कुछ अधिकारी बदनाम करने का काम करते हैं, लेकिन वह सावधान हो जाएं। हम लोनी को लंदन बनाएंगे।
नंदकिशोर गुर्जर ने विधायक बनने के बाद सबसे पहले जल निकासी पर काम करने की बात कही है। उन्होंने कहा कि इसके लिए योजना बनाई है। जल्द जलभराव की समस्या दूर होगी।
विधायक ने बताया कि जलनिकासी के बाद लोनी की बहन बेटियों को लिए डिग्री कॉलेज का निर्माण शुरू कराया है। यह काम जल्द पूरा कराएंगे। लोनी में आईटीआई को जल्द शुरू कराएंगे। जाम की समस्या को खत्म करने के लिए बाईपास बनाएंगे। लोनी की जनता को कभी किसी काम में कमी नहीं मिलेगी।