हापुड़ चुंगी और भौपुरा मोड़ पर बनेंगे चार-चार लेन के फ्लाईओवर
गाजियाबाद। जनपद के प्रमुख जाम वाले क्षेत्रों पर यातायात को रफ्तार देने और ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों का जाल बिछाने के लिए केंद्रीय सड़क परिवहन, राजमार्ग राज्यमंत्री व सांसद वीके सिंह ने खाका तैयार कराया है। इसमें हापुड़ चुंगी पर एएलटी सेंटर से शास्त्रीनगर चौराहे तक चार लेन के पुल का निर्माण किया जाएगा।
भौपुरा मोड़ शालीमार गार्डन से राजपूत सम्राट पृथ्वीराज चौहान चौक पर चार लेन के पुल निर्माण से जाम की समस्या का निदान हो जाएगा। नए पुल, आरओबी, फुटओवर ब्रिज, ग्रामीण क्षेत्रों में जर्जर सड़कों की मरम्मत व नई सड़कों के निर्माण से जुड़े 150 से अधिक प्रस्ताव तैयार कर लोक निर्माण विभाग को भेजे गए हैं। हापुड़ चुंगी पर पुल के निर्माण का प्रस्ताव जीडीए ने 2018 में तैयार किया था। प्राधिकरण अभियंत्रण अनुभाग की ओर से डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार कराने के बाद प्रस्ताव को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया था। अब इस पुल को बनाने की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग को दी गई है। नए सिरे से प्रस्ताव बनाकर भेजा गया है।
फर्रुखनगर से राजनगर एक्सटेंशन हिंडन नदी पर बनेगा पुल
हापुड़ चुंगी के साथ लोनी विधानसभा क्षेत्र के फर्रुखनगर से राजनगर एक्सटेंशन के बीच हिंडन नदी पर पुल का निर्माण किया जाएगा। इससे लोनी और राजनगर एक्सटेंशन की करीब एक लाख की आबादी को लाभ होगा। हिंडन पर प्रस्तावित नए पुल के निर्माण से 40 मिनट का रास्ता दस मिनट में पूरा हो जाएगा। वहीं, आईटीएस मोहननगर पर क्षेत्रीय लोगों और विद्यार्थियों की सहूलियत के लिए फुटओवर ब्रिज (एफओबी) का निर्माण किया जाएगा। मसूरी सेे मुरादनगर मार्ग पर जाने वाले लोगों के लिए एक और वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होगा। केंद्रीय राज्यमंत्री की ओर से इस मार्ग पर मसूरी की तरह एक और मुरादनगर की ओर दो रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) के निर्माण का प्रस्ताव भेजा गया है।
इन नई सड़कों के निर्माण से वाहन भरेंगे फर्राटा
गाजियाबाद लोकसभा क्षेत्र में कुल 22 नई सड़कों के निर्माण संबंधी प्रस्ताव भेजा गया है। इनमें आइडियल कॉलेज से आकाशनगर होते हुए डासन, दुहाई फाटक से कनौजा तक वाया पावन चिंतन धारा आश्रम होते हुए नाले की पटरी तक, चितौड़ा से बड़का आरिफपुर होते हुए गंगनहर तक नवनिर्माण कार्य, कल्लूगढ़ी से जेल तक मार्ग का निर्माण। मसूरी से जेल रोड तक , ढबारसी से मसौता मार्ग, नाहल से चितौड़ा तक, भिस्वापुर से दौसा बंजारपुर तक, मसूरी से मुबारिकपुर से नाहर बाईपास तक, नाहल बाईपास से नूरपुर, कुशलिया से नहर तक, जेल से समेकित दिव्यांग विद्यालय, डासना से रसूलपुर सिकरोड़ होते हुए गोविंदपुरम तक मार्ग का नए सिरे से निर्माण किया जाएगा।
मुरादनगर में 22, लोनी में 15 व मोदीनगर में चार मार्ग सुधरेंगे
देहात क्षेत्र में नए मार्गों के निर्माण के साथ पुराने मार्ग की मरम्मत के बड़ी संख्या में प्रस्ताव भेजे गए हैं। मुरादनगर क्षेत्र में चौधरी चरणसिंह गंगनहर कांवड़ पटरी मार्ग, मुरादनगर रावली सुराना मार्ग, एनएच-58 से हिसाली मार्ग, गंगनहर से सलेमपुर मार्ग, फिरोजपुर से कैथवाड़ी मार्ग के आबादी भाग में सीसी नाली व मरम्मत कार्य, सुराना से सुठारी मार्ग, रावली मार्ग किमी एक से उजैड़ा माइनर पटरी मार्ग से शहजादपुर काकड़ा मार्ग, सारा गावड़ी शेष मार्ग, दुहाई से हिसाली, रावली मार्ग से खिमावती सहित अन्य मार्ग शामिल हैं। इसके साथ ही हापुड़ में 13 स्थानों पर अंडर पास और रेल ओवरब्रिज के निर्माण का प्रस्ताव किया गया है।
लोकसभा क्षेत्र में यातायात व्यवस्था और सड़क मार्ग को बेहतर करने के लिए प्रस्ताव उत्तर प्रदेश के लोक निर्माण विभाग के मंत्री जितिन प्रसाद को भेजे गए हैं। उम्मीद है कि जल्द ही प्रस्ताव पर मुहर लग जाएगी और काम शुरू हो जाएगा।
वीके सिंह, सांसद एवं केंद्रीय राज्यमंत्री