एसपी सिटी निपुण अग्रवाल ने बताया कि करीब दो साल पहले ज्योति लव मैरिज करके अपने पति के साथ बिल्डर गुलाब सिंह भाटी के मकान में किराए पर रही थी। पति के छोड़कर जाने के बाद ज्योति से भी उन्होंने मकान खाली करवा लिया था। हालांकि ज्योति गुलाब सिंह के परिवार के सदस्यों का विश्वास जीतकर परिवार की महिलाओं के लगातार संपर्क में थी और आए दिन महिलाओं से फोन पर बात करती थी। पूछताछ में सामने आया कि ज्योति ने डबल बीए किया हुआ है। उसके भाई रविदत्त ने बीएससी की है और उनका साथी विशाल 9वीं पास है।
ज्योति ने बिल्डर के परिवार की महिलाओं को महंगे गहने पहनते देख लूट की योजना बनाई। ज्योति ने अपने भाई रविदत्त सिंह, साथी विशाल, विक्की, अंकित और राहुल के साथ मिलकर लूट की वारदात की। एसपी सिटी ने बताया कि ज्योति ने वारदात से पहले उसी दिन अपने साथियों को बिल्डर का घर दिखाया था। वहीं रविदत्त पास में ही पार्क में बैठकर रास्ता साफ होने का इंतजार कर रहा था। सभी के घर से जाने के बाद रविदत्त ने विशाल और अपने दोनों साथियों को बुला लिया। इसके बाद उन्होंने लूट की वारदात की। वारदात के बाद बदमाश रास्ते में जा रहे ई-रिक्शा से फरार हुए और रास्ते में उतरकर थ्री व्हीलर से बस अड्डे गए और वहां से रोहतक भाग गए।
आठ हजार रुपये में मुथूट फाइनेंस में जेवर रखे गिरवी
पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने वारदात में लूटे जेवर को गाजियाबाद की मुथूट फाइनेंस में आठ हजार रुपये में गिरवी रखे हैं। इसकी जानकारी मुथूट फाइनेंस कंपनी की पर्ची मिलने से हुई। जबकि एक अंगूठी बदमाशों ने रोहतक में ही एक सराफ को बेची है। पुलिस का कहना है कि गिरवी रखे जेवर को बरामद करने के लिए कंपनी से संपर्क किया जाएगा।
25 जनवरी को निखिल की पहली शादी की सालगिरह में आई थी ज्योति
बिल्डर के बेटे निखिल भाटी ने बताया कि 25 जनवरी को उनकी शादी की पहली सालगिरह थी। इसके लिए उन्होंने घर पर कार्यक्रम किया था, जिसमें उन्होंने ज्योति को बुलाया नहीं था लेकिन वह कार्यक्रम में आई। कार्यक्रम में उसने सभी महिलाओं से बातचीत की और घर के सभी कमरों में गई थी। वहीं से सारा भेद लेकर यह वारदात की। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वारदात करने से पहले उन्होंने मुरादनगर से हथियार लिए थे। एसपी सिटी ने बताया कि इस मामले की जांच की जा रही है। तमंचा बेचने वालों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।
वारदात करने से दो दिन पहले परिवार से की थी फोन पर बात
ज्योति ने पुलिस पूछताछ में बताया कि उसने वारदात से दो दिन पहले परिवार की महिला से सामान्य तौर पर फोन पर बात की थी। फोन पर पता चला कि बिल्डर की मां की तबियत खराब है। अस्पताल में इलाज चल रहा है। थाने पहुंचे पीड़ित परिवार ने ज्योति से कहा कि हमने तेरे लिए क्या नहीं किया। तेरी हर तरीके से मदद की। घर में परिवार के सदस्य की तरह रखा और हर परेशानी में साथ दिया लेकिन तूने विश्वासघात किया है। यह सुनकर ज्योति रोने लगी।
परिवार ने संतुष्ट होकर पुलिस टीम को दिया 21 हजार का इनाम
बिल्डर गुलाब सिंह भाटी ने लूट का खुलासा होने पर शनिवार को सिहानी गेट थाने पहुंचकर पुलिस टीम की कार्यशैली पर संतुष्टि जताई और लूट का खुलासा करने वाली टीम को 21 हजार रुपये का इनाम देकर सम्मानित किया।