पीआरवी, पीसीआर और लैपर्ड को अब पेट्रोल खत्म होने पर पुलिस लाइंस नहीं लौटना पड़ेगा। न ही वे पेट्रोल खत्म होने का बहाना बना सकेंगे। आईजी मेरठ जोन ने बुधवार को पुलिसकर्मियों को 449 पेट्रो कार्ड बांटे, जिनसे पेट्रोल पंप पर स्वाइप कर तुरंत पेट्रोल भरा सकेंगे।
पुलिस लाइंस में आए आईजी मेरठ जोन अजय आनंद ने बताया कि यूपी पुलिस का इंडियन ऑयल कारपोरेशन लिमिटेड के साथ करार हुआ है। आईओसीएल पुलिस को हर लीटर पेट्रोल या डीजल पर 80 पैसे की छूट देगा। उन्होंने बताया कि इससे यूपी पुलिस को हर साल लाखों रुपये की बचत होगी और समय भी बचेगा।
साथ ही बताया कि आईओसीएल की ओर से हर चालक का दो-दो लाख और परिचालक का 50 हजार रुपये का दुर्घटना बीमा भी किया जाएगा। इस दौरान एसएसपी दीपक कुमार, एसपी देहात ओमप्रकाश, एसपी ट्रैफिक राजेश कुमार, एएसपी आशीष श्रीवास्तव, अनूप कुमार, डीएसपी मनीष मिश्र अनिल यादव और इंद्रपाल सिंह आदि पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
कार्ड से गाड़ी को 200 और लैपर्ड को 60 लीटर फ्यूल
एसएसपी दीपक कुमार ने बताया कि इस समझौते के तहत कंपनी पेट्रो कार्ड से लैपर्ड को महीने में 60 लीटर और गाड़ियों को 200 लीटर फ्यूल मिलेगा। चालक वाहन के हिसाब से पेट्रोल या डीजल दोनों ले सकते हैं। यह कार्ड केवल इंडियन ऑयल के पेट्रोल पंप पर ही काम करेगा।
तकनीकी कमी से लेट हो रही पीआरवी, जल्द होगा सुधार: आईजी
आईजी मेरठ जोन अजय आनंद से जब पूछा गया कि सूचना के बाद भी पीआरवी देरी से पहुंच रही तो उन्होंने कहा कि सप्ताह में एक-दो बार ही ऐसा हो रहा है। हालांकि इसके पीछे तकनीकी कारण हैं। इस प्रकार की शिकायतों को लखनऊ तक पहुंचाया जा रहा है, जल्द ही सुधार किया जाएगा।