अहिंसा खंड स्थित शिप्रा कृष्णा विस्टा सोसायटी में रविवार सुबह फ्लैट में काम करने वाली घरेलू सहायिका (मेड) को बिना आईकार्ड अंदर जाने से रोका गया, तो वह महिला गार्ड से भिड़ गई। हंगामा होता देख आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को बुलाया।
पुलिस ने दोनों को शांत कराया और आईडी कार्ड के साथ ही अंदर जाने की अनुमति दी। रविवार सुबह करीब 10 बजे एक घरेलू सहायिका को महिला गार्ड ने अंदर जाने से रोक दिया। दरअसल मेड के पास आईकार्ड नहीं था।
मगर मेड का कहना था कि वह कई साल से यहां काम कर रही है। सब उसे जानते हैं। कार्ड भूलवश घर रह गया है। मगर महिला गार्ड भी नियमों का हवाला देते हुए अड़ी रही। दोनों के बीच नोंकझोंक और हंगामा बढ़ता देख लोगों ने पुलिस को मामले की सूचना दी।
उसके बाद दोनों को शांत कराया गया। हालांकि मेड ने माफी मांगी और दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया। एसएचओ इंदिरापुरम ने बताया कि सभी गार्डों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि बिना आई कार्ड किसी भी मेड को अंदर न जाने दें।