पुलिसकर्मी के भाई ने बसपा नेता के भाई को पीटा
गाजियाबाद। खोड़ा थाना क्षेत्र में तैनात महिला पुलिसकर्मी के भाई ने शराब के नशे में बसपा नेता के भाई को पीटा। बसपा नेता की शिकायत पर पहुंची पुलिस के साथ भी आरोपी युवक ने अभद्रता की। पुलिस ने शांतिभंग की धारा में चालान किया है।
सिहानीगेट थाना क्षेत्र के मालीवाड़ा मोहल्ला निवासी बसपा नेता केशव चौधरी ने बताया कि उनकी कार घर के बाहर खड़ी हुई थी। इसी दौरान नशे में धुत एक युवक आ गया। उसने कार हटाने को कहा। जब उनके भाई लक्की चौधरी ने गाड़ी हटाने से मना किया तो आरोपी युवक विकास ने अभद्रता शुरू कर दी। ईंट उठाकर लकी के हाथ में मार दी। नेता का आरोप है कि विकास की मां ने भी ईंट से हमला कर दिया। घटना की जानकारी 100 नंबर पर दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस के साथ भी आरोपी युवक ने अभद्रता शुरू कर दी। पुलिस ने शराबी युवक को थाने ले आई। मेडिकल ले जाने के दौरान आरोपी ने जमकर हंगामा किया। पुलिस ने नशा उतरने तक उसे थाने में बैठाए रखा। बताया कि आरोपी की बहन खोड़ा में सिपाही है। उसी के नाम पर भी वह धमकाता रहता है। आरोप लगाया कि वह आए दिन शराब पीकर झगड़ा करता है। थाना प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि लक्ष्मण उर्फ लक्की की तहरीर पर कार्रवाई की जा रही है। शांतिभंग की धारा में आरोपी युवक का चालान किया गया है। कोई भी व्यक्ति पुलिस के नाम पर किसी को धमका नहीं सकता है। ऐसे लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।