वीजा दिलाने के नाम पर हज यात्रियों से ठगी करने वाला हिरासत में
क्रॉर्सिंग्स रिपब्लिक की एक सोसायटी में वीजा दिलाने के नाम पर सैकड़ों हज यात्रियों से ठगी करने का मामला सामने आया है। वहीं, ठगी के पीड़ितों ने बुधवार शाम को विजयनगर थाने में जाकर हंगामा किया। पुलिस ने इस मामले में एक युवक को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ कर रही है।
विजयनगर एसएचओ नरेश सिंह ने बताया कि क्रॉर्सिंग्स रिपब्लिक की एक सोसायटी में एक इलैैक्ट्रोमैकेनिकल और मेन पावर सप्लायर कंपनी का ऑफिस चल रहा है।
उन्होंने बताया कि इस ऑफिस का मालिक सऊदी अरब भेजने के नाम पर साढ़े 12 हजार रुपये ले रहा था। उसने अब तक सैकड़ों लोगों के वीजा बनाने के लिए आवेदन लिए हैं।
पीड़ित लोग जब कंपनी के ऑफिस पहुंचे और उन्होंने कंपनी के लाइसेंस और वीजा के कागजात की मांग की तो कर्मचारी दिखा नहीं पाए। इसके बाद मालिक को फोन किया तो उसने भी फोन नहीं उठाया।
लोगों को ठगी का अंदेशा हुआ तो वे कंपनी के कर्मचारी को लेकर बुधवार की शाम विजयनगर थाना पहुंचे और हंगामा किया। लोगों का कहना था कि पैसे के साथ उनके पासपोर्ट भी जमा हो गए हैं।
एसएचओ विजयनगर का कहना है कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। इसके लिए युवक को हिरासत में लिया गया है, जिससे पूछताछ की जा रही है।