फाइनेंस कंपनी के अफसर पर धोखाधड़ी की रिपोर्ट, हिरासत में लिया
गाजियाबाद। एक फाइनेंस कंपनी के अधिकारी ने ही ग्राहकों से फ्रॉड कर दिया। ग्राहकों से कंपनी की रकम लेकर वह हड़प कर गया। मामले का खुलासा हुआ तो कंपनी के रीजनल मैनेजर ने अपनी ही कंपनी के बिजनेस रिलेशनशिप ऑफिसर के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट कविनगर थाने में दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है।
गोविंदपुरम में सोनाटा फाइनेंस कंपनी का रीजनल ऑफिस है। कंपनी का मुख्यालय लखनऊ में है और यह पर्सनल लोन व ज्वेलरी के बदले में लोन देने का कारोबार करती है। सोनाटा फाइनेंस कंपनी के रीजनल ऑफिसर कमलेश यादव का कहना है कि धामपुर बिजनौर के रहने वाले कंपनी के बिजनेस रिलेशनशिप ऑफिसर मंगल सिंह कलेक्शन भी करते थे। बीते 22 अक्तूबर को सलेमाबाद निवासी सुनीता ने कंपनी में जाकर शिकायत की। उनका कहना था कि उन्होंने लोन की रकम चुका दी है, अब नया लोन नहीं हो रहा है। कमलेश यादव ने उनके लोन अकाउंट की जांच कराई। पता चला कि मंगल सिंह ने सुनीता से तो 12 हजार की रकम ले ली, लेकिन उसे कंपनी में जमा नहीं कराया। इसके बाद रीजनल ऑफिसर ने मंगल सिंह के अंडर में आने वाले सभी 373 खातों की जांच कराई। इनमें 51 लोन खातों में गड़बड़ी पाई गई। कंपनी के रीजनल ऑफिसर कमलेश यादव ने बताया कि मंगल सिंह ने मार्केट से करीब 6 लाख रुपये वसूल कर लिए, लेकिन कंपनी में जमा नहीं किए। इसके बाद उन्होंने सोमवार रात मंगल सिंह के खिलाफ कविनगर थाने में धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। एसएचओ कविनगर रोजंत त्यागी का कहना है कि आरोपी को पकड़ लिया है। पूछताछ की जा रही है।