मेरठ के परतापुर स्थित भूड़बराल साईं धाम कॉलोनी निवासी एक महिला अपनी 18 वर्षीय पुत्री के साथ तीन दिन पूर्व मोदीनगर स्थित एक मंदिर में पूजा करने आई थी। महिला का आरोप है कि इसी दौरान मंदिर के बाहर एक कार रूकी और कार सवार उसकी पुत्री को अगवा कर ले गए। काफी शोर मचाया मगर कार सवार भाग निकले। एसीपी ज्ञान प्रकाश राय का कहना है कि तहरीर के आधार पर बिनौली बस स्टैंड के पास बड़ौत जनपद बागपत निवासी देवा उर्फ देवेश, परविन्द्र, विनोद और कल्लू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर युवती की तलाश शुरू कर दी है।
बाजार गई युवती लापता, चार पर केस
भोजपुर के एक गांव से खरीदारी करने बाजार गई 23 वर्षीय युवती लापता हो गई। परिजनों ने युवती को काफी तलाश किया, मगर युवती का कोई पता नहीं लगा। परिजनों ने गांव निवासी चार लोगों पर युवती को अगवा करने का आरोप लगाया है। एसीपी का कहना है कि तहरीर के आधार पर तौसिफ, मोहसीन, मोबीन और फरियाद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर युवती की तलाश शुरू कर दी है।
स्कूल गई कक्षा नौ की छात्रा को अगवा किया
नगर की एक कॉलोनी से स्कूल गई कक्षा नौ की छात्रों को एक युवक अगवा कर ले गया। परिजनों को खोजबीन के दौरान छात्रा के अगवा होने की जानकारी मिली। नगर के गोविन्दपुरी क्षेत्र स्थित एक कॉलोनी निवासी व्यक्ति ने बताया कि उनकी 14 वर्षीय पुत्री एक स्कूल में कक्षा नौ की छात्रा है। शनिवार को छात्रा स्कूल गई थी,मगर लौटी नहीं। आरोप है कि एक युवक काफी समय से उनकी पुत्री का पीछा कर रहा था। छात्रा के परिजनों ने विरोध जताया तो आरोपी ने उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी। परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए युवक के खिलाफ नामजद तहरीर दी। एसीपी का कहना है कि तहरीर के आधार पर मेरठ के भावनपुर स्थित गांव स्याल निवासी युवक अनिकेत के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू कर दी है।
दादी के साथ बाजार गई 15 वर्षीय किशोरी लापता
नगर की एक कॉलोनी से दादी के साथ खरीदारी करने बाजार आई 15 वर्षीय किशोरी लापता हो गई। दादी ने अनहोनी की आशंका जताते हुए घटना की तहरीर दी। उक्त कॉलोनी निवासी एक वृद्धा चार दिन पूर्व अपनी 15 वर्षीय पोती के साथ रूकमणी मार्केट में खरीदारी करने आई थी। इसी दौरान किशोरी अचानक लापता हो गई। मार्केट और मुख्य मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरे भी चेक किए मगर किशोरी का सुराग नहीं लगा। एसीपी ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू कर दी है।