विदेशी मुद्रा व्यापार बाजार और क्रिप्टो करेंसी में निवेश करने पर लाभ का झांसा देकर ठगी करने वाले एक जालसाज को दक्षिण जिला साइबर सेल ने गिरफ्तार किया है। जालसाज के कब्जे से पुलिस ने लैपटॉप, दो मोबाइल फोन, पांच डेबिट कार्ड और एक पासबुक बरामद की है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान कोयम्बटूर, तमिलनाडु निवासी दिनेश कुमार (26) के रूप में हुई है। अर्धसैनिक बल में कार्यरत एक शख्स ने दक्षिण जिला साइबर सेल में ठगी की शिकायत की। शिकायत में उसने बताया कि अप्रैल 2022 में उसके पास अंतरराष्ट्रीय मोबाइल नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने विदेशी मुद्रा व्यापार बाजार और क्रिप्टो करेंसी में निवेश करने पर लाभ देने का झांसा दिया। उसकी बातों में आकर शिकायतकर्ता ने विभिन्न बैंक खातों में 20 लाख का निवेश कर दिया। लेकिन बाद में उसे पता चला कि उसके साथ ठगी हुई है। जांच के दौरान पुलिस ने बैंक खातों और मोबाइल फोन नंबरों का विवरण एकत्र किया। जिसके जरिए पुलिस को पता चला कि ठगी का पैसा विभिन्न बैंक खातों में स्थानांतरित किया गया है। पुलिस ने उन बैंकों की जानकारी हासिल की।
पुलिस टीम ने जानकारी के विश्लेषण के दौरान पाया कि आरोपी व्यक्ति सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है। उसके बाद आरोपी की जानकारी हासिल करने पर पता चला कि उसका लोकेशन कोयम्बटूर, तमिलनाडु में है। पुलिस की एक टीम वहां छापेमारी कर दिनेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपना अपराध कबूल कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी 12 वीं तक पढ़ाई की है। एक दुकान में काम करने के दौरान बैंक खातों की डिजिटल प्रक्रिया को संभालना सीखा। उन्होंने डिजिटल मार्केटिंग प्रक्रियाओं का कक्षा लेकर चालू बैंक खाते का संचालन करना सीख लिया। जिसका इस्तेमाल खाते में जमा पैसे को निकालने में किया।