फरीदाबाद। जिला प्रशासन ने कार फ्री डे को लेकर तैयारियां पूरी कर ली हैं। उपायुक्त जितेंद्र यादव ने कहा कि बुधवार को वर्ल्ड कार फ्री डे मनाया जाएगा। इस दिन लघु सचिवालय व अन्य सरकारी कार्यालयों में कार या मोटरसाइकिल से कोई व्यक्ति नहीं आएगा। लोग पब्लिक ट्रांसपोर्ट, पैदल अथवा साइकिल का इस्तेमाल करें।
उपायुक्त ने बताया कि हर वर्ष पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से पूरे विश्व में यह दिवस 22 सितंबर को मनाया जाता है। लोगों से अपील करते हुए कहा कि वर्ल्ड कार फ्री डे के दिन कम दूरी तक जाना हो तो पैदल जा सकते हैं। इसके साथ ही साइकिल से भी जा सकते हैं। जितेंद्र यादव ने कार की बजाए पब्लिक ट्रांसपोर्ट इस्तेमाल करने अथवा कार पुलिंग पर जोर दिया। उपायुक्त ने कहा कि यह शुरुआत जिला प्रशासन द्वारा सबसे पहले की जा रही है। इस दिन लघु सचिवालय में सभी अधिकारी कर्मचारी कार से नहीं आएंगे। उन्होंने मंगलवार दोपहर में लघु सचिवालय के बाहर दौरा किया। पुलिस कर्मी समेत अन्य को हिदायत दी कि बुधवार को कैंपस में कोई कार नहीं आनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अन्य विभागों के अधिकारियों को भी इसे मानने के लिए कहा गया है।
कहा कि अक्तूबर से प्रत्येक बुधवार को कार फ्री डे मनाया जाएगा। इस दौरान पुलिस व अन्य इमरजेंसी वाहनों को आने-जाने की पूरी तरह से अनुमति रहेगी। लोगों से अपील करते हुए कहा कि सभी पर्यावरण संरक्षण के लिए कार फ्री डे अवश्य मनाएं। सेक्टर-12 में कई जगहों पर इससे संबंधित फ्लैक्स लगवाए गए हैं।