फरीदाबाद। क्राइम ब्रांच सेक्टर-48 प्रभारी उप निरीक्षक राकेश सिंह की टीम ने स्नेचिंग के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी अतुल उर्फ नेपाली गांव डीग भरतपुर राजस्थान, सागर गांव शालिमपुर पटना बिहार के रहने वाले हैं। आरोपी फिलहाल सेक्टर-55 में रहते हैं।
पुलिस को अतुल और सागर के बारे में सूचना मिली कि आरोपी सेक्टर 22 में किसी घटना को अंजाम देने वाले हैं। पुलिस ने आरोपियों को सेक्टर-58 क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी अतुल उर्फ नेपाली ने बताया कि अभी 2 दिन पहले ही एक स्नैचिंग की घटना को अंजाम दिया था। जिसमें पब्लिक ने उसे घेर लिया था। उसको मौके पर ही अपनी मोटरसाइकिल और छीना हुआ मोबाइल छोड़कर भागना पड़ा था। आरोपी से मिली मोटरसाइकिल थाना डबुआ के चोरी की है। आरोपियों से तीन मामले सुलझाए गए हैं। दोनों आरोपी नशे की पूर्ति के लिए चोरी, स्नैचिंग की घटनाओं को अंजाम देते थे। अतुल उर्फ नेपाली चोरी, स्नैचिंग के मामले में जेल जा चुका है। आरोपी सागर हत्या की कोशिश के मामले में जेल जा चुका है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है। संवाद