फरीदाबाद। अब एक ही क्लिक पर लोगों को प्लॉट व जमीन से संबंधित भूमि का रिकार्ड मिल जाएगा। मुख्यमंत्री ने रविवार को रिमोट कंट्रोल के जरिए प्रदेश के सभी 22 जिलों के भूमि के डिजिटल रिकॉर्ड रूम का लोकार्पण किया।
रविवार को डिजिटल रिकार्ड रूम का लोकार्पण करने के बाद मुख्यमंत्री ने वीडियो कांफ्रेंसिग के जरिए संबोधित करते हुए कहा कि देश में जमीनों के बहुत से विवाद है। इसके अलावा अन्य कार्यों के लिए भी बार-बार लोगों को भूमि के रिकॉर्ड की आवश्यकता पड़ती रहती है। पुराने से पुराना भूमि रिकॉर्ड अब ऑनलाइन कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव के तहत यह भूमि रिकॉर्ड डिजिटल किया गया है। फरीदाबाद में वीडियो कांफ्रेंस के जरिए किए गए लोकार्पण की अध्यक्षता उपायुक्त जितेंद्र यादव ने की। उपायुक्त ने कहा कि अब जमीन या प्लॉट का खसरा नंबर और गिरदावरी से संबंधित किसी भी प्रकार की भूमि के रिकॉर्ड को निकालने के लिए तहसील व पटवारियों के पास चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। एक ही क्लिक पर ही सारा रिकॉर्ड मिल जाएगा। जिलास्तर पर पूरा भूमि रिकॉर्ड डिजिटल तैयार कर लिया गया है। अतिरिक्त उपायुक्त सतबीर मान, जिला राजस्व अधिकारी बिजेन्द्र सिंह राणा, एडीआईओ विपिन गोयल, कानूनगो दिनेश कुमार, सुमेर सिंह व रणबीर सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।