फरीदाबाद। दो माह पूर्व ऑटो समेत चालक का अपहरण कर फिरौती मांगने वाले दो बदमाशों को क्राइम ब्रांच की टीम ने शनिवार रात गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद निवासी रिंकू और सिकंदराबाद के गांव मचन निवासी पंकज के रूप में हुई। टीम ने लूटा गया ऑटो और वारदात के दौरान प्रयोग किया गया मोबाइल फोन भी बरामद किया है। वारदात में शामिल एक आरोपी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। फिलहाल पकड़े गए दोनों बदमाशों को अदालत में पेश कर पुलिस ने जेल भेज दिया है।
डीसीपी क्राइम नरेंद्र कादियान ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों ने थाना एसजीएम नगर के क्षेत्र में 5 जनवरी को एक ऑटो लूटा था। साथ ही चालक को बंधक बनाकर उत्तर प्रदेश के सिकंदराबाद ले गए थे। अपहरण किए गए ऑटो चालक का उन लोगों ने हाथ पैर बांध कर मुंह में कपड़ा ठूंस दिया था। एक सुनसान घर में बदमाशों ने पीड़ित को बंद कर दिया था। इसके बाद बदमाशों ने उसके घर के नंबर पर कॉल करके रुपयों की मांग की। रुपये न देने अथवा पुलिस को सूचना देने पर बदमाशों ने जान से मारने की धमकी दी। ऑटो चालक के परिजनों की शिकायत पर थाना एसजीएम नगर में अपहरण कर और साजिश के तहत लूट की धाराओं में मामला दर्ज किया गया था।
क्राइम ब्रांच टीम ने कार्रवाई करते हुए पीड़ित को उत्तर प्रदेश के सिकंदराबाद से सुरक्षित मुक्त करा लिया था। वहीं वारदात में शामिल आरोपी फेरू को जोगिंदर नगर, जिला मंडी, हिमाचल प्रदेश से टीम ने गिरफ्तार कर लिया था। उसके बाद क्राइम ब्रांच टीम लगातार अन्य दो बदमाशों की तलाश में जुटी थी। क्राइम ब्रांच टीम को आरोपियों के बारे में सूचना मिली कि दोनों आरोपी उत्तर प्रदेश के सिकंदराबाद में छुपे हुए हैं। सूचना के आधार पर पहुंची क्राइम ब्रांच की टीम ने दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए बदमाशों की पहचान रिंकू और पंकज के रूप में की गई। बदमाशों से पूछताछ में सामने आया है कि आरोपियों ने पैसों के लालच में अपहरण और फिरौती मांगने की घटना को अंजाम दिया था। आरोपियों को अदालत में पेश कर उन्हें जेल भेज दिया गया है।