बल्लभगढ़। द कश्मीर फाइल्स फिल्म की टिकट दिखाने पर फ्री में नारियल पानी पिलाने वाले दुकानदार सोहना निवासी कृष्ण को जान से मारने की धमकी मिली। इसके बाद समस्त हिंदू संगठनों द्वारा नारियल पानी की दुकान पर दुकानदार के समर्थन में प्रदर्शन किया गया। इसके बाद शहर थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज करवाया।
पुलिस के अनुसार, कृष्ण ने बताया कि वह तिरखा कॉलोनी सेक्टर-2 में किराए के मकान पर रहता है। उसकी सेक्टर-2 स्थित बाजार में नारियल पानी की दुकान है। उसने 25 मार्च को कश्मीर फाइल्स फिल्म देखी थी। इसके बाद 26 मार्च से दुकान पर एक बोर्ड लगा दिया, जिसमें लिखा है कि द कश्मीर फाइल फिल्म की टिकट दिखाओ और फ्री में नारियल पानी ले जाओ। यह ऑफर सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो गया। इसके बाद 28 मार्च को करीब शाम 6:10 पर उनके पास एक फोन आया और और वह अपने आप को किसी विशेष जाति का बताते हुए गाली गलौच करने लगा। द कश्मीर फाइल्स फिल्म को लेकर विरोध जताने लगा। इसके करीब आधे घंटे बाद दोबारा से एक अन्य नंबर से फोन आया और उसने भी खुद को एक जाति विशेष का बताते हुए उस मुहिम को बंद करने के लिए कहा। अगर वह ऐसा नहीं करते हैं तो 2 दिन में जान से मारने की धमकी दी। साथ ही दुकान को बंद करवाने की धमकी दी। इसके बाद 29 मार्च की शाम करीब 5 बजे समस्त हिंदू संगठनों द्वारा प्रदर्शन किया गया। इसमें अनुज हिंदू और अशोक बाबा, सुरेंद्र शर्मा मलेरना के नेतृत्व में हिंदू जागरण मंच, विश्व हिंदू परिषद, देवसेना, बजरंग दल, गो रक्षक दल, भाजपा के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने हनुमान चालीसा भी पड़ी। विरोध के दौरान शहर थाने के एसएचओ सत्यवान मौके पर पहुंचे और उन्होंने अज्ञात लोगों के खिलाफ धमकी देने का मामला दर्ज किया। साथ ही आश्वासन दिया है कि वह 2 दिन के अंदर आरोपियों को पकड़ लेंगे।