फरीदाबाद। प्रेमजाल में युवक को फंसाकर उसे बंधक बनाने के बाद फिरौती मांगने के आरोप में क्राइम ब्रांच सेक्टर-85 ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में दो आरोपी युवतियां फरार है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजय कॉलोनी निवासी सीमरन जीत उर्फ आरव उर्फ बाबे व पर्वतीया कॉलोनी निवासी अतुल उर्फ काले के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह ने बताया कि दोनों युवक ने न्यू जनता कॉलोनी के कारोबारी व आरडब्ल्यू प्रधान नरेश सलूजा के बेटे कमल को सोमवार को बंधक बनाया था। आरोपियों की दो महिला मित्रों ने पहले कमल को प्रेमजाल में फंसाया। फिर उसे योजना बनाकर बीपीटीपी स्थित एक फ्लैट में मिलने बुलाया। वहां आरोपियों ने बंधक बनाकर कमल के पिता नरेश सलूजा से पहले पांच लाख, फिर तीन लाख व अंतत: दो लाख रुपये की फिरौती मांगी। फिरौती नहीं देने के एवज में दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी दी। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी और उक्त दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। दोनों युवती की तलाश है।
ऐसे की कार्रवाई
पुलिस प्रवक्ता सुबे सिंह के अनुसार, घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी कमल को अपनी गाड़ी में बिठा कर इधर-उधर घुमाने लगे। क्राइम ब्रांच की टीम ने कमल के मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लगा रखा था। ऐसे में उसकी लोकेशन मिल गई और पुलिस आरोपियों की गाड़ी तक पहुंच गई। पुलिस को देख सभी आरोपी कमल को गाड़ी में ही छोड़कर मौके से फरार हो गये। पुलिस ने कमल को सकुशल आरोपियों के चंगुल से छुड़ाकर आगे की जांच तेज कर दी। मंगलवार को उक्त दोनों आरोपियों को चंदेला चौक से गिरफ्तार किया। बुधवार को दोनों को अदालत में पेशकर एक दिन की रिमांड पर लिया गया है।