बीके नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रोज करीब 15 से 20 शवों का पोस्टमार्टम किया जाता है। शवगृह में शव रखने के लिए 12 फ्रिजर हैं, जिसमें से पिछले कुछ दिनों से छह फ्रिजर खराब हैं। हर एक फ्रिजर में एक ही शव को रखा जाता है। छह फ्रिजर खराब होने से ज्यादा शव आने पर समस्या उत्पन्न हो जाती है।
वहीं फ्रिजर खराब होने से कर्मचारी द्वारा शव रखने के लिए बर्फ की सिल्ली परिजनों से मंगाई जा रही है। अगर कोई अज्ञात व्यक्ति का शव शवगृह आता है तो उसके लिए बर्फ की सिल्ली का इंतजाम खुद अपने स्तर पर करना पड़ता है।
सूत्रों के अनुसार, शवगृह में एक एसी भी लगा हुआ है जोकि काफी समय से खराब है। फ्रिजर और एसी खराब होने की वजह से शव कुछ घंटों बाद ही डिकंपोज होना शुरू हो जाते हैं। पीएमओ डॉ. सविता यादव का कहना है कि इंजीनियर को बुलाया गया है। एक से दो दिन में सभी फ्रिजर ठीक हो जाएंगे।