- नगर निगम और यातायात पुलिस मिलकर करेगी समाधान
- अवैध पार्किंग में खड़ी गाड़ियों को उठाने के साथ होगा भारी भरकम चालान
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। शहर में जाम की समस्या से जूझ रहे लोगों के लिए राहत की खबर है। नगर निगम और यातायात पुलिस मिल कर लोगों को जाम की समस्या से निजात दिलाएगी। मुख्य बाजारों और भीड़ वाले इलाकों में 65 जगहों पर पार्किंग तैयार की जाएगी। साथ ही मुख्य सड़कों पर जहां-तहां अवैध रूप से खड़े वाहनों को उठाया जाएगा। वाहन मालिकों पर भारी भरकम जुर्माना लगाया जाएगा। गाड़ियां उठाने के लिए निगम की ओर से यातायात पुलिस को पांच क्रेन उपलब्ध करवाई जाएगी। इसको लेकर टेंडर जारी कर दिए गए है।
शहर में निगम की तरफ से एक भी वैध पार्किंग नहीं बनाई गई है। इससे पार्किंग माफिया सड़क पर लोगों की गाड़ियां खड़ी कराकर पैसा वसूल रहे हैं। यदि सेक्टर-12 की बात की जाए तो सड़क के किनारे सैकड़ों गाड़ियां खड़ी होती हैं। वाहन चालकों से पैसे वसूले जाते हैं। यही हाल मुख्य बाजारों और भीड़ वाले इलाकों का है। पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने से लोग अपने वाहनों को सड़क पर ही खड़ा कर देते हैं। त्यौहारी सीजन में तो सड़क पर वाहन खडे होने की वजह से जाम की स्थिति बन जाती है। शहर के मुख्य बाजार एनआइटी-एक, दो और तीन में पार्किंग व्यवस्था नहीं होने के कारण खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को बहुत दिक्कत झेलनी पड़ती है। इसे देखते हुए नगर निगम ने प्रथम चरण में 15 जगह पार्किंग के लिए चिन्हित की हैं। इनका निर्माण कार्य 15 दिनों में शुरु कर दिया जाएगा।
जाम खुलवाने में ट्रैफिक पुलिस करनी पड़ती काफी मशक्कत
शहर में कोई पार्किंग न होने की वजह से सड़कों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में जो जाम लगता है उससे यातयात पुलिस की मशक्कत काफी बढ़ जाती है। पुलिस को जाम खुलवाने में घंटों लग जाते हैं। शहर में बड़े अस्पताल, माल और मार्केट के बाहर ही वाहन खड़े हुए नजर आते हैं। इस दिक्कत को दूर करने के लिए ही यातायात पुलिस की ओर से नगर निगम को मिलकर पार्किंग व्यवस्था करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। हालांकि निगम की ओर से पहले भी स्मार्ट पार्किंग बनाने की योजना चल रही थी, लेकिन अब निगम ट्रैफिक पुलिस के साथ मिलकर पार्किंग बनाएगा।
शहरी स्थानीय निकाय मंत्री ने दो वर्ष पहले दिए थे आदेश
स्मार्ट सिटी में पार्किंग व्यवस्था को बेहतर करने के लिए शहरी स्थानीय निकाय मंत्री कमल गुप्ता की ओर से दो वर्ष पहले आदेश किए गए थे। मंत्री की ओर से मुख्य बाजारों के आसपास पार्किंग की मार्किंग करने के आदेश दिए थे, जिससे लोग अपने वाहनों को वहां पर खड़ा कर सके। हालांकि निगम ने मंत्री के आदेश को ही ठंडे बस्ते में डाल दिया था। अब एक बार फिर योजना पर काम शुरु किया गया है।
शहर में 65 पार्किंग तैयार की जाएगी
पार्किंग की समस्या से शहर वासियों को निजात दिलाने की कवायद शुरु कर दी गई है। यातयात पुलिस के साथ मिलकर 65 पार्किंग तैयार की जाएंगी। इसके अलावा निगम पांच क्रेन भी यातयात पुलिस को देगा, जिससे वह अवैध पार्किंग में खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई कर सके। - स्वप्निल पाटिल, अतिरिक्त आयुक्त, नगर निगम