फरीदाबाद। ओल्ड फरीदाबाद के ठाकुर वाड़ा में विधवा नीरज कुमारी को आंगनबाड़ी में नौकरी लगवाने का झांसा देकर एक लाख रुपये ठग लिए। नौकरी नहीं मिलने पर पीड़िता करीब पांच साल से रुपये वापस मांग रही है, लेकिन आरोपी पैसे नहीं दे रहा है। परेशान होकर महिला ने ओल्ड फरीदाबाद थाने में केस दर्ज कराया है।
पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि पड़ोस में रहने वाले पवन कुमार ने साल 2017 में उसे एक लाख रुपये में आंगनबाड़ी में नौकरी लगवाने की बात कही थी। नौकरी की बात सुनकर नीरज बातों में आ गई और एक लाख रुपये दे दिए। कई महीने तक नौकरी नहीं लगी तो उसने आरोपी से रुपये वापस मांगे। कुछ महीनों तक टरकाने के बाद आरोपी ने रुपये देने से साफ मना कर दिया। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।