फरीदाबाद। साइबर थाना पुलिस ने ठगी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। आरोपी स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) का कर्मचारी बन लोगों से ठगी करते थे। आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के संभल निवासी शिवम, गुरुग्राम निवासी अभिषेक उर्फ गंजा, बिहार के सीतामढ़ी निवासी चंदन, मधुबनी निवासी रंजीत कुमार व विवेक कुमार के रूप में हुई है। इनके पास से दो लैपटॉप, एक प्रिंटर, सात मोबाइल फोन, 33 सिम कार्ड व 38000 रुपये बरामद किए हैं। सभी से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ साइबर थाना में मामला दर्ज है। इन्होंने गांव गढ़खेडा निवासी सुनिल के क्रेडिट कार्ड से करीब 1.23 लाख रुपये, सेक्टर दो निवासी राजेंदर कुमार से एक लाख रुपये ठग लिए थे। साइबर थाना के प्रभारी इंस्पेक्टर बसंत के नेतृत्व में एसआई प्रवीन, एएसआई दीपक, श्योराज, हवलदार भूपेंदर, महिला मुख्य सिपाही अंजू, सिपाही आजाद, अमित, अंशुल कुमार की टीम गठित की गई। टीम जांच शुरू की और उक्त आरोपियों को दिल्ली स्थित नजफगढ़, गुरूग्राम, मधुबनी, सीतामढ़ी आदि क्षेत्रों से गिरफ्तार किया है। पुलिस इनसे पूछताछ कर रही है।
ऐसे करते थे ठगी
आरोपियों ने एक कॉल सेंटर बनाया था। साथ ही एक मोबाइल एप भी इजाद किया था। सभी जस्ट डायल से एक बैंक के क्रेडिट कार्ड धारकों का डाटा खरीदते थे। क्रेडिट कार्ड पर लेनदेन करने पर धारकों को उपहार स्वरूप प्वाइंट दिए जाते हैं। ऐसे में आरोपी क्रेडिट कार्ड धारकों को फर्जी लिंक भेजकर, उन्हें उपहार स्वरूप प्वाइंट्स को कैश करवाने का लालच देते थे। सभी कॉल सेंटर से इंडी कॉल एप के जरिए फोन करते थे। कॉल एसबीआई हेल्पलाइन नम्बर 39020202 से की जाती थी। इस दौरान कार्ड धारकों को क्रेडिट कार्ड बंद होने का झांसा दिया जाता था और उसके नाम पर लिंक भेजकर ठगी की जाती थी। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार आरोपियों ने इस तरह से 18 से 20 लाख रुपये तक की ठगी की है।