फरीदाबाद। बीके नागरिक अस्पताल में दो माह से मरीज खून की जांच के लिए परेशान हो रहे हैं। डॉक्टर की ओर से लिखी जा रही जांच में थायराइड, विटामिन-डी जैसी मुख्य जांचें बीते दो माह से नहीं हो पा रही हैं। ज्यादातर मरीज आधी से अधिक जांच के लिए निजी लैब के भरोसे सरकारी अस्पताल में इलाज करा रहे हैं। वहीं, प्रबंधन का दावा है कि अगले दो से चार दिन में मशीन की खराबी दूर हो जाएगी। इसके बाद सभी जांचें अस्पताल में कराई जा सकेंगी।
बीके नागरिक अस्पताल में मरीज बीते दो माह से रक्त जांच नहीं होने के कारण परेशान हैं। कुछ मरीजों को छोड़ दें तो ज्यादातर मरीजों को सामान्य रोग विशेषज्ञ सहित स्त्री रोग विशेषज्ञ, बाल रोग विशेषज्ञ व हड्डी रोग विशेषज्ञ, विटामिन व थायराइड की जांच लिख रहे हैं। ऐसे में करीब 150 से अधिक लोग बीके नागरिक अस्पताल में रक्त जांच मशीन के खराब होेने के कारण परेशान हैं। रक्त सैंपल लेने वाले स्वास्थ्य कर्मी ने बताया कि वह सैंपल नहीं ले रहे हैं, क्योंकि मशीन खराब है। इधर, रक्त जांच के लिए निर्धारित शुल्क भी बीते दो माह से नहीं लिया जा रहा है। बुधवार को रक्त जांच नमूने के लिए भुगतान केंद्र पर खड़ी सुशीला ने बताया कि बेटे राकेश (09) के पैरों में लंबे समय से दर्द की शिकायत है। वह गैस की समस्या के साथ-साथ कंधे की दर्द से पीड़ित है। बाल रोग विशेषज्ञ ने विटामिन-डी, थायराइड की जांच लिखी। भुगतान केंद्र पर पहुंचने पर पता चला कि मधुमेह की जांच होगी, लेकिन थाइराइड और विटामिन की जांच के लिए मशीन खराब है। प्रधान चिकित्सा अधिकारी डॉ. सविता यादव ने बताया कि कुछ खामी के कारण एक मशीन काम नहीं कर रही है। अगले दो से तीन दिन में यह समस्या दूर हो जाएगी। मरीजों को परेशान होने की जरूरत नहीं है।