फरीदाबाद। नगर निगम का सीलिंग अभियान अवकाश के दिन शुक्रवार को भी जारी रहा। निगम की टीम ने हाउस टैक्स न देने पर 13 प्रॉपर्टी सील कर दीं। इन पर करीब 19 लाख रुपये का टैक्स बकाया है।
नगर निगम करीब एक माह से टैक्स वसूली पर जोर दे रहा है। इसके तहत जिन भवन मालिकों के टैक्स बकाया हैं, उन्हें सील किया जा रहा है। शुक्रवार को नगर निगम ने 13 इकाइयों (प्रॉपर्टी) को सील किया। इन पर लगभग 1912554 लाख रुपये का प्रॉपर्टी टैक्स बकाया है। निगम की टीम ने एनआईटी जोन द्वितीय के मित्तल बाजार में तीन इकाइयों को सील किया। इन पर करीब 783135 रुपये प्रॉपर्टी टैक्स के बकाया हैं। इसी तरह एनआईटी जोन-2 में चार्मवुड प्लॉजा की पांच दुकानों को सील किया। इस पर 5,53503 रुपये प्रॉपर्टी टैक्स के बकाया हैं। जोन द्वितीय के कर्मचारियों ने एसजीएम नगर की पांच इकाइयोें को सील किया। इस पर 575916 रुपये बकाया हैं।
निगमायुक्त यशपाल यादव ने कहा कि जिन सील की गईं इकाइयों की बकाया संपत्ति कर राशि प्राप्त नहीं हुई है, जल्दी ही निगम द्वारा नीलामी करने की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। आयुक्त ने करदाताओं से अपील की है कि इस प्रकार की कठोर कार्रवाई से बचने के लिए बकाये की अदायगी तुरंत करें। आयुक्त नगर निगम ने संबंधित अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि 31 मार्च तक सभी संपत्ति कर बकाएदारों के खिलाफ कार्रवाई करें। शुक्रवार को गुरु पर्व पर अवकाश होने पर भी नगर निगम की कार्रवाई जारी रही।
--