फरीदाबाद। आंधी और बारिश से शहर के कई इलाकों में बृहस्पतिवार सुबह तक बिजली आपूर्ति ठप रही। शहरी क्षेत्र के साथ सबसे ज्यादा परेशानी ग्रामीण इलाकों में देखने को मिली। जहां खंभे और तार टूटने से 24 घंटे बाद भी सप्लाई बहाल नहीं हो सकी। वहीं, स्प्रिंग फील्ड कॉलोनी में पेड़ गिरने से कार क्षतिग्रस्त हो गई। दिनभर बिजली कर्मचारी क्षतिग्रस्त लाइनों को ठीक करने में जुटे रहे। इस दौरान लोगों को भारी पेयजल संकट से जूझना पड़ा।
बुधवार की दोपहर दो बजे के बाद बारिश शुरू होने के साथ ही एनआईटी एक, दो, तीन, पांच, भारत कॉलोनी, सेक्टर-3, 4, 7, 15, 21, गांव मच्छगर, प्रह्लादपुर, अटाली, दयालपुर, चंदावली, खंदावली और ग्रेटर फरीदाबाद में बिजली चली गई। इस दौरान देर शाम तक लोगों ने सप्लाई बहाल होने का इंतजार किया, लेकिन आंधी के कारण पेड़ और कई जगहों पर पोल गिर गए। बिजली न आने से लोगों को अंधेरे में रात गुजारनी पड़ी। घरों में लगे इर्न्वटरों ने कुछ देर बाद जवाब दे दिया। इससे बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी हुई। लोगों का कहना है कि सुबह तक बिजली सप्लाई न होने पर पानी की मोटर नहीं चल सकी। इस कारण पानी नहीं भर सके। ग्रामीण क्षेत्रों में सुबह-11 बजे गई बिजली बृहस्पतिवार दोपहर तीन बजे तक नहीं आई।
बदरौला सबडिवीजन कर्मचारियों ने बिजली न होने की वजह आंधी से खंभे और लाइनों का टूटना बताया। हालांकि बृहस्पतिवार शाम तक कर्मचारी नए खंभे और बिजली लाइन खींचकर सप्लाई दुरुस्त करने में लगे रहे। लोगों ने कहना कि बिजली व्यवस्था में सुधार की काफी जरूरत है। हर साल बिजली निगम सुधार के बड़े-बड़े दावे करता है, लेकिन बारिश में निगम के सभी दावे खोखले साबित होते हैं।
बदरौला सबस्टेशन से मिली जानकारी के अनुसार गांव चंदावली, मंझावली, अटाली और दयालपुर के पास आंधी से बिजली के करीब 12 खंभे टूट गए थे। लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। इन्हें ठीक करने का काम जारी है। ग्रामीणों ने बताया कि बुधवार दोपहर करीब दो गई बिजली बृहस्पतिवार दोपहर तक बहाल नहीं हुई। इससे दिनभर लोग परेशान रहे।
टैंकरों से पानी खरीदकर पीने के मजबूर लोग
बृहस्पतिवार सुबह कई इलाकों में बिजली न होने से घरों में पेयजल आपूर्ति प्रभावित रही। पानी की मोटर नहीं चल सकी। इस कारण लोगों को निजी टैंकरों के भरोसे रहना पड़ा। टैंकरों से पानी खरीदकर लोगों ने घरों के कामकाज किए।
----
बारिश के दौरान बिजली ने काफी परेशान किया। बुधवार दोपहर गई बिजली शाम छह आई। इसके बाद रात 10 बजे फिर चली गई और बृहस्पतिवार अल सुबह आई।
- कन्हैयालाल, सेक्टर-23
बारिश और आंधी से कई ग्रामीण इलाकों में बिजली के खंभे टूट गए हैं। उन्हें ठीक कराया जा रहा है। शहरी क्षेत्र में कुछ देर के लिए बिजली बंद की गई थी। बारिश और आंधी रुकने के बाद चालू कर दी गई।
- नरेश कक्कड़, अधीक्षण अभियंता बिजली निगम