फरीदाबाद। हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (एचएसपीसीबी) ने बृहस्पतिवार को गाजीपुर रोड स्थित नंगला एन्क्लेव पार्ट में अवैध रूप से चल रहे 35 कंपनियों पर कार्रवाई की। पुलिस व बिजली निगम के अधिकारियों के साथ पहुंची एचएसपीसीबी की टीम ने सभी कंपनियों को सील किया। इनमें एल्यूमिनियम के पिंड (इन-गुट्स) बनाए जा रहे थे। अधिकारियों का कहना है कि सभी के बिजली कनेक्शन भी काट दिए हैं और जुर्माने की तैयारी की जा रही है।
एचएसपीसीबी के एसडीओ ओमवीर ने बताया कि सूचना मिली कि नंगला एन्क्लेव पार्ट स्थित केला गोदाम के पास बिना अनुमति के कई कंपनी संचालित हैं। केबल आदि को गलाकर उससे एल्यूमिनियम निकाले जा रहे हैं और उससे इन-गुट्स तैयार किए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही काफी संख्या में पुलिस व बिजली निगम के अधिकारियों के साथ टीम मौके पर पहुंची। एसडीओ ओमवीर के अनुसार पुलिस व टीम को देखते ही कई कंपनी के संचालक व उनके कर्मचारी मौके से फरार होने में सफल रहे। हालांकि इस दौरान 35 कंपनियों पर सीलिंग की कार्रवाई की गई।
ऐसे तैयार कर रहे थे पिंड
एसडीओ ओमवीर ने बताया कि सभी कंपनियों में एल्यूमिनियम के इन-गट्स तैयार किए जा रहे थे। इसके लिए भट्ठी बना रखी थी। उसे कोयले से संचालित करते थे। पहले रबड़ चढ़े पुराने केबल को उस भट्ठी में जलाते थे, फिर एल्यूमिनियम को पिघला कर उसका इन-गुट्स बनाते थे। फिर उसे बाजार में सस्ते दर पर बेचते थे। इससे आसपास रह रहे लोगों को परेशानी हो रही थी। उन्होंने कहा कि बिजली निगम से मांग की गई है कि वह बिना किसी जांच पड़ताल किए उद्योग चलाने के नाम पर बिजली कनेक्शन नहीं दें। इसके लिए एचएसपीसीबी से आवेदक ने अनापत्ति प्रमाण पत्र लिया है या नहीं, इसकी जांच करें। इसके अलावा अधिकारी का कहना है कि अवैध कंपनी चला रहे व्यक्ति घरेलू कनेक्शन लिया था या औद्योगिक व वाणिज्यिक, इसकी जांच की जाएगी। कनेक्शन जिसके नाम पर होगा, उस पर प्रदूषण फैलाने व अवैध रूप से कंपनी चलाने को लेकर जुर्माने लगाए जाएंगे।
शहर में प्रदूषण की रोकथाम के लिए पूरा प्रयास किया जा रहा है। शहर में जहां-जहां अवैध रूप से कंपनी चल रही हैं, सभी पर कार्रवाई की जाएगी।
- स्मिता कनोडिया, क्षेत्रीय अधिकारी, एचएसपीसीबी