एक साल पहले किया गया था रिपेयरिंग का कार्य
संवाद न्यूज एजेंसी
छायंसा। हीरापुर गांव से छांयसा गांव को जोड़ने वाला मार्केट कमेटी का मुख्य मार्ग एक बार फिर जर्जर हो गया। लगभग एक साल पहले इस सड़क पर रिपेयरिंग का कार्य किया गया था, उस समय भी ग्रामीणों ने इसे पूरी तरह से दोबारा बनाने की मांग उठाई थी। लेकिन विभाग ने केवल पेचवर्क किया था, जिसका नतीजा आज फिर सामने है। अब इस मार्ग पर चलना लोगों के लिए चुनौती बन गया है।
गांव के सरपंच प्रतिनिधि कमल कौशिक ने बताया कि सड़क जगह-जगह से उखड़ी पड़ी है और मिट्टी बाहर आ चुकी है। इससे दोपहिया वाहन चालकों का संतुलन बिगड़ने का डर बना रहता है। उन्होंने कहा कि मार्ग की हालत इतनी खराब है कि कोई भी वाहन सुरक्षित रूप से यहां से नहीं गुजर सकता है। आए दिन सड़क पर फिसलन और गड्ढों की वजह से दुर्घटनाएं होती रहती हैं। ग्रामीणों के अनुसार, मरम्मत के नाम पर किया गया काम बेहद घटिया गुणवत्ता का था, जिसके कारण सड़क महज कुछ ही महीनों में फिर से टूट गई है।
वहीं स्थानीय किसान नरेश कौशिक ने बताया कि इस मार्ग के दोनों ओर उनके खेत हैं, जहां जाना-आना रोजमर्रा की जरूरत है। लेकिन सड़क की खस्ता हालत के कारण खेतों तक पहुंचना भी कठिन हो गया है। उन्होंने बताया कि सड़क किनारे उगे झाड़ और बढ़े हुए पेड़-पौधे सफर को और भी खतरनाक बना देते हैं। इतनी झाड़ियां रास्ते में फैली होती हैं कि वाहन लेकर निकलना भी मुश्किल हो जाता है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस मार्ग से स्कूल जाने वाले बच्चे, नौकरीपेशा लोग और किसान बड़ी संख्या में आवागमन करते हैं। ऐसे में इस सड़क की खराब स्थिति उनके लिए रोजमर्रा की परेशानी बन चुकी है।