अपराध शाखा सेक्टर-30 ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार, पहचान छिपाने के लिए बदली थी मोटरसाइकिल
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। पुलिस की अपराध शाखा सेक्टर-30 की टीम ने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हुई 12 लाख रुपये की लूट की गुत्थी सुलझाते हुए 18 अप्रैल को तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जांच में खुलासा हुआ कि जिस रैपिडो चालक पर भरोसा कर पैसे भेजे जा रहे थे, उसी ने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की पूरी साजिश रची थी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनोज निवासी संजय कॉलोनी, नितेश निवासी जीवन नगर और गौतम निवासी पर्वतीय कॉलोनी के रूप में हुई है।
चावला कॉलोनी निवासी अंकित ने पुलिस को बताया कि 12 अप्रैल को उन्होंने 12 लाख रुपये प्रहलाद के माध्यम से दिल्ली भिजवाए थे। प्रहलाद रैपिडो चालक मनोज के साथ बाइक पर सवार होकर निकला था। रास्ते में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर अज्ञात बदमाशों ने उनसे पैसे लूट लिए। जांच में सामने आया कि मनोज पहले भी कई बार प्रहलाद के साथ पैसे लेकर दिल्ली जा चुका था, इसलिए उसे पता था कि किस दिन बड़ी रकम भेजी जानी है। 11 अप्रैल को सूचना मिलते ही मनोज ने अपने साथियों के साथ लूट का प्लान तैयार किया।
घटना के दिन जब मनोज और प्रहलाद एक्सप्रेस-वे पर पहुंचे, तो पीछे से दूसरी बाइक पर सवार रवि, हरीश और गौतम वहां आए। रवि ने चलती बाइक से मनोज की मोटरसाइकिल की चाबी निकाल ली। बाइक रुकते ही हरीश ने प्रहलाद को चाकू दिखाकर धमकाया और 12 लाख रुपये लूटकर फरार हो गए। आरोपियों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए वारदात के बाद नितेश की मोटरसाइकिल से अपनी बाइक बदल ली थी। पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार, मामले में शामिल रवि और हरीश अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में छापेमारी की जा रही है। पकड़े गए तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है ताकि लूटी गई रकम और हथियारों की बरामदगी की जा सके।