फरीदाबाद। नोएडा के चर्चित बाइक बोट घोटाले मामले में पुलिस आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर लेगी। शिकायतकर्ता अधिवक्ता राजू त्यागी ने बताया कि फरीदाबाद पुलिस मुख्य आरोपी संजय भाटी और करण पाल से मामले से जुड़ी जानकारियां हासिल करेगी। जिला पुलिस ने नोएडा अदालत में आरोपियों को प्रोडक्शन पर लेने के लिए 25 मई को अपील की थी। जल्द ही पुलिस इस मामले में पूछताछ शुरू करेगी।
राजू त्यागी ने बताया कि आरोपियों ने बाइक बोट नाम से एक कंपनी बनाई थी। इसमें आरोपी लोगों को कंपनी में बाइक टैक्सी लगवाने और साल भर में रकम दोगुनी करने का झांसा देते थे। आरोपियों की बातों में आकर लोगों ने उनकी कंपनी में निवेश कर दिया। इसके बाद आरोपी कंपनी को बंद कर फरार हो गए। आरोपी फिलहाल नोएडा जेल में बंद हैं। फरीदाबाद के करीब 60 लोगों ने कंपनी में एक करोड़ रुपये का निवेश किया था। जल्द ही पुलिस आरोपियों को पूछताछ के लिए फरीदाबाद लेकर आएगी।