फरीदाबाद। ललित मंडी में चल रही रामलीला के दौरान रविवार रात सीट के 20 रुपये को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि रुपये देने से इन्कार करने पर एक नाबालिग ने रामलीला प्रबंधन से जुड़े लोगों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद उसने अपने 15 से 20 अन्य साथियों को भी बुला लिया। आरोप है कि इस दौरान रामलीला में किरदार निभाने वाले किशोर कलाकारों के साथ भी मारपीट की गई। पीड़ित पक्ष ने सोमवार सुबह सारन थाने में लिखित शिकायत दी है।
पीडि़त पक्ष ने बताया कि रामलीला देखने आए एक नाबालिग ने सीट को लेकर हंगामा किया। सीट का शुल्क 20 रुपये मांगने पर उसने रुपये देने से मना कर दिया। इसी बात पर विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि नाबालिग ने अपने अन्य साथियों को भी मौके पर बुला लिया। रामलीला में किरदार निभाने वाले किशोर कलाकारों के साथ भी मारपीट की गई। शिकायतकर्ता पक्ष के अनुसार, मारपीट में शामिल सभी आरोपी नाबालिग हैं। मुख्य आरोपित छठी कक्षा में पढ़ता है। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। संवाद