तीन साल की बच्ची से दुष्कर्म
फरीदाबाद। बाईपास रोड पर घर के बाहर खेल रही एक तीन साल की बच्ची को पड़ोस में रहने वाला युवक उठाकर अपने घर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। बच्ची को ढूंढते हुए जब उसकी मां युवक के घर के पास पहुंची तो बच्ची के रोने की आवाज सुनकर घटना के बारे में पता चला। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार को उसे अदालत में पेश किया जाएगा।
महिला थाना प्रभारी सविता देवी ने बताया कि थाना सेंट्रल क्षेत्र के अंतर्गत बाईपास रोड निवासी एक महिला की तीन साल की बच्ची मंगलवार दोपहर को घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला 25 वर्षीय अनिल नाम का युवक वहां पहुंचा और बच्चों के साथ बातें करने लगा। इस दौरान उसने बच्ची को गोद में उठाया और उसे खिलाते हुए अपने कमरे पर ले गया। बच्ची की मां घर में खाना बना रही थी। जब उसे बच्ची का ध्यान आया तो वह बच्ची को देखने बाहर आई। बाहर खेल रहे अन्य बच्चों से उसने अपनी बेटी के बारे में पूछा तो उन्होंने बताया कि उसे अनिल अपने साथ ले गया था। बच्ची की मां आरोपी के घर पहुंच गई। आरोपी ने कमरा अंदर से बंद किया हुआ था और अंदर से बच्ची के रोने की आवाज आ रही थी। बच्ची की मां ने कमरे का दरवाजा पीटना शुरू कर दिया। इस पर आरोपी ने दरवाजा खोला तो बच्ची गंभीर हालत में मिली। बच्ची की मां उसे नजदीकी अस्पताल लेकर चली गई। वहीं घटना की जानकारी होने पर पड़ोसियों ने पुलिस कंट्रोल रूम पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी नशेड़ी है और उसने शराब पी हुई थी। वह दिहाड़ी मजदूर है।