फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बीके नागरिक अस्पताल में बच्चों को नहीं लगे टीके

विज्ञापन
फरीदाबाद बीके नागरिक अस्पताल में खाली पड़ा सेंटर । - फोटो : Faridabad
विज्ञापन
फरीदाबाद। जिले में बुधवार को बीके नागरिक अस्पताल में 12 से 14 वर्ष के बच्चों के टीकाकरण का खाता भी नहीं खुल सका, क्योंकि सिर्फ दो से तीन ही बच्चे पहुंचे। इस कारण स्वास्थ्यकर्मियों ने इन बच्चों को बृहस्पतिवार को बुलाया है। उधर, अन्य केंद्रों पर टीकाकरण के प्रति जोश देखने लायक रहा। बल्लभगढ़, उप स्वास्थ्य केंद्र खेड़ी कलां सहित कौराली व एफआरयू-2 में टीकाकरण के प्रति काफी उत्साह देखने को मिला। नागरिक अस्पताल में टीकाकरण केंद्र पूरी तरह उदासीन रहा। अस्पताल में टीकाकरण के लिए एक भी बच्चा नहीं पहुंचा। ऐसे में टीकाकरण को लेकर जिले में अलग-अलग रुझान देखने को मिले।
विज्ञापन

जिले के निदेशालय की ओर से 35,000 कार्बोवेक्स की खुराक मिली है। इसे 12 से 14 वर्ष के बच्चों को लगाया जाना है। बच्चों के दो खुराक के बीच 28 दिन का अंतराल रखना होगा। इसकी जानकारी मौके पर ही पंजीकरण के दौरान बच्चों को दी गई। साथ ही कोविन पोर्टल पर पंजीकरण की भी जानकारी दी गई। इधर, कर्मचारियों को भी टीका लगवाने के लिए पहुंचने वालों की उम्र का खास ख्याल रखने की हिदायत दी गई है। दरअसल, अब टीकाकरण कर्मचारियों को कोवाक्सिन, कोविशील्ड के साथ कार्बोवेक्स की तीन अलग-अलग वैक्सीन लगानी हैं। पहली खुराक के अनुसार, आयु के अनुसार यह टीकाकरण किया जाना है। इसलिए टीका कर्मियों की जिम्मेदारी कई गुना बढ़ गई है।
-
खेड़ी में स्वास्थ्य कर्मियों ने किया स्वागत
खेड़ी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पर 88 छात्र टीकाकरण के लिए पहुंचे। स्कूल से टीकाकरण कराने एक साथ पहुंचे छात्रों का स्वास्थ्य कर्मियों ने स्वागत किया। स्वास्थ्य केंद्र को फूल और गुब्बारों से सजाया गया। इस दौरान किशोरों ने टीकाकरण के लिए लाइन लगाकर अपनी बारी का इंतजार किया। केंद्र के टीकाकरण नोडल डॉ. सन्नी ने बताया कि किशोरों में काफी उत्साह नजर आया। इसे देखते हुए केंद्र पर पूरी तैयारी की गईं। किशोरों का मौके पर ही कोविन एप पर पंजीकरण किया गया। टीकाकरण के बाद आधे घंटे तक किशोरों को ऑब्जर्व किया गया। किसी छात्र को परेशानी नहीं हुई। सीएचसी के लिए कुल 600 डोज उपलब्ध कराई गई हैं। जरूरत पड़ने पर केंद्रीय वैक्सीन स्टोर से डोज मिलेगी। केंद्र प्रभारी डॉ. हरजिंदर ने बताया कि टीकाकरण के लिए किशोरों का उत्साह देखने लायक था।
विज्ञापन

कोरोना योद्धाओं को किया सम्मानित
बल्लभगढ़ स्थित सरकारी अस्पताल में बुधवार को टीकाकरण के लिए की गईं तैयारियां देखते ही बन रही थीं। यहां कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा के भाई टीपरचंद शर्मा ने टीकाकरण की शुरुआत की। साथ ही कोरोना योद्धाओं को सम्मानित किया। जिला टीकाकरण नोडल अधिकारी डॉ. मान सिंह ने टीकाकरण की स्थिति का जायजा लिया।
पहले दिन ही लगाया शिविर
डॉ. मान सिंह ने बताया कि खेड़ी कला, कौराली, बल्लभगढ़, एफआरयू-2, संजय कॉलोनी में बुधवार को टीकाकरण किया गया। इस दौरान चावला कॉलोनी में शिविर लगाकर टीकाकरण किया गया। आगामी दिनों में सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर टीकाकरण की सुविधा मिलेगी। फिलहाल, जिले के स्कूलों में टीकाकरण पर मंथन जारी है। स्कूल में जारी वार्षिक परीक्षा के कारण शेड्यूल नहीं बन पा रहा है। यदि परीक्षा के बाद भी टीकाकरण जारी रहेगा तो स्कूलों में टीकाकरण शुरू किया जाएगा।
एक वायल में 20 लोगों की खुराक
कार्बोवेक्स की एक वायल में 20 खुराक हैं। ऐसे में बीके नागरिक अस्पताल में दोपहर तक टीकाकरण के लिए पहुंचे दो-तीन बच्चों का टीकाकरण नहीं किया गया। उन्हें अगले दिन आने के लिए कह दिया गया। टीका कर्मियों ने बताया कि एक वायल में 20 खुराक उपलब्ध होती हैं। एक बार वायल खोलने के बाद चार घंटे तक ही यह इस्तेमाल की जा सकती है। इस कारण 20 से कम बच्चों के लिए वाइल खोलें तो वैक्सीन खराब होगी।
12 से 14 वर्ष के बच्चों का टीकाकरण एक नजर में
योग्यता - 15 मार्च 2010 के बाद जन्में किशोर
जिले का लक्ष्य 83,600
टीकाकरण स्थल- सभी सरकारी केंद्रों पर सुविधा
पंजीकरण- ऑनलाइन या सरकारी केंद्र पर मौके पर सुविधा उपलब्ध
माननीय का करते रहे इंतजार
टीकाकरण की खेप मंगलवार रात उपलब्ध हो गई थी। विधायक टीकाकरण केंद्र के उद्घाटन के लिए पहुंचने वाली थीं। विधानसभा सत्र में होने के कारण वह नहीं पहुंच सकीं। इस दौरान बच्चे भी नहीं पहुंचे, इसलिए बीके अस्पताल में टीकाकरण नहीं हो सका। हालांकि, कुछ बच्चे टीकाकरण के लिए आए थे।
- डॉ. मान सिंह, टीकाकरण नोडल
बच्चों के टीकाकरण के लिए तैयारियां पूरी हैं। 12 से 14 वर्ष तक के 83,600 बच्चों का टीकाकरण किया जाना है। खेप उपलब्ध है। बच्चे आएं और टीकाकरण कराकर कोविड-19 से स्वयं को सुरक्षित करें।
विज्ञापन

- डॉ. विनय गुप्ता, मुख्य चिकित्सा अधिकारी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें