फरीदाबाद। न्यू टाउन रेलवे स्टेशन के पास बसे संजय नगर में सोमवार को फिर तोड़फोड़ की जाएगी। रेलवे विभाग ने 250 मकानों पर कार्रवाई की तैयारी कर ली है। कार्रवाई आरपीएफ, जीआरपी व जिला पुलिस की देखरेख में होगी।
रेलवे की तरफ से अब इस जमीन पर लूप लाइन बिछाई जानी है। वहीं प्लेटफार्म की लंबाई भी बढ़ाने की योजना है। करीब साठ साल से लोगों ने रेलवे की जमीन पर कब्जा कर रखा है। नगर निगम ने यहां पर सीवरेज, वाटर सप्लाई व बरात घर तक की सुविधा दे रखी है। रेलवे लाइन के किनारे बसे संजय नगर में रेलवे की जमीन पर करीब 3500 लोगों की आबादी बसी है। बुधवार को रेलवे ने यहां तोड़फोड़ अभियान चलाकर 480 मकान धराशायी किए थे। 18 लोगों ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटा और सुनवाई करते हुए कोर्ट ने कुछ लोगों को स्टे दे दिया। बाकी मकानों के बारे में रेलवे ने कोई आदेश नहीं दिया।
कोर्ट के दस्तावेज का अध्ययन करने के बाद रेलवे ने तोड़फोड़ की तैयारी दोबारा शुरू कर दी। सोमवार को विभाग करीब 250 मकानों को पर बुलडोजर चलाएगा। रेलवे के आईओडब्ल्यू एके गुप्ता ने बताया कि तोड़फोड़ के लिए लोगों को नोटिस दिए गए थे। इसके बाद 29 सितंबर को तोड़फोड़ का दिन निर्धारित किया गया। 480 मकानों को तोड़कर करीब 10 हजार स्कवायर मीटर जमीन को खाली करवाया गया था। सोमवार को कार्रवाई के दौरान रेलवे एरिया मैनेजर भावना जैन, विनय, टीआई फरीदाबाद कुमार घनश्याम, स्टेशन अधीक्षक संजय राघव, पीडब्ल्यूआई देवेंद्र बघेल, डिप्टी एसएस मनोज नेगी सहित रेलवे अधिकारी मौजूद रहेंगे।