फरीदाबाद। मंगलवार को फिर से फरीदाबाद में हवा की गुणवत्ता गंभीर स्तर पर पहुंच गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) की रिपोर्ट के मुताबिक शाम चार बजे औद्योगिक नगरी में एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 430 दर्ज किया गया। मंगलवार को प्रदूषण का स्तर बीते दो दिनों की अपेक्षा सर्वाधिक था। रविवार को हवा बहुत खराब श्रेणी के साथ एक्यूआई 372 और सोमवार को एक्यूआई 360 दर्ज की गई। मंगलवार को यह बढ़कर गंभीर श्रेणी में पहुंच गई। इससे लोगों को आंखों में जलन, आंखों से आंसू आना, खुजली होना और सांस लेने में परेशानी बढ़ गई।
बल्लभगढ़ में अधिकतम प्रदूषण
दिवाली बाद से बल्लभगढ़ में प्रदूषण का स्तर गंभीर श्रेणी में बना है। मंगलवार शाम चार बजे यहां एक्यूआई 412 दर्ज किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विनय गुप्ता ने बताया कि लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है। कोरोना अभी खत्म नहीं हुआ है, ऊपर से बढ़ रहा प्रदूषण लोगों को अधिक परेशानी में डाल सकता है। लोगों को बिना मास्क लगाए घर से बाहर नहीं निकलना चाहिए। आस्था का महापर्व छठ शुरू है। बुधवार शाम को व्रती महिलाएं घाटों पर डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगी। मौसम वैज्ञानिक महेेश पहलावत ने बताया कि हवा की रफ्तार औसत से कम है, वातावरण में नमीं अधिक है। शाम होते ही ओस गिरने लगेगी। ऐसे में घाटों पर डूबते और उगते सूर्य को अर्ध्य देते समय श्रद्धालुओं को सावधानी बरतने की जरूरत है। सभी मास्क पहनें और घाटों पर आतिशबाजी से परहेज करें।
सेक्टर-11 सबसे प्रदूषित
मंगलवार को शाम पांच बजे सेक्टर-11 क्षेत्रीय स्तर पर सबसे ज्यादा प्रदूषित रहा। यहां का एक्यूआई 471 दर्ज किया गया। सेक्टर-30 में 427, सेक्टर-16ए में 411, एनआईटी में 411 और बल्लभगढ़ में 412 एक्यूआई दर्ज किया गया। हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की क्षेत्रीय अधिकारी स्मिता कनोडिया ने बताया कि नगर निगम व अन्य संबंधित विभागों को सड़कों पर पानी का छिड़काव कराने का आदेश दिया गया है। सड़क पर जमी धूल को साफ करने के लिए भी कहा गया है।