अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। आईएमटी स्थित एक वर्कशॉप में लेथ मशीन पर काम करते समय मशीन का टुकड़ा टूटकर कर्मचारी के सिर और सीने में लगने से उनकी मौत हो गई। मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारियों ने घटना की सूचना मृतक के परिजन और पुलिस को दी। असम से परिजनों के यहां पहुंचने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल सदर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया है।
मूलरूप से असम निवासी दिल बहादुर (38) फरीदाबाद में अजरौंदा में किराये के मकान पर रहते थे। वह आईएमटी मुंजेड़ी पर एक निजी कंपनी की वर्कशॉप में लेथ मशीन चलाने का काम करते थे। बृहस्पतिवार को वह मशीन पर काम कर रहे थे। अचानक से मशीन फट गई और लोहे का एक टुकड़ा उनके सिर व एक टुकड़ा तेज रफ्तार से छाती पर जा लगा। चोट लगने से कर्मचारी घायल हो गया। साथ के कर्मचारी उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने उनके परिवार को सूचना दे दी है। थाना प्रभारी उमेश कुमार ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। परिजन के आने के बाद मृतक का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।