फरीदाबाद। खुद को फौजी बताकर एक साइबर ठग ने दिल्ली विश्वविद्यालय की छात्रा के खाते से 36 हजार रुपये की ठगी कर ली। आरोपी ने ओएलएक्स पर दिए गए साइकिल बिक्री के विज्ञापन को देखकर फोन किया था। आरोपी ने छात्रा से एक एप डाउनलोड करा कर ठगी को अंजाम दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दिल्ली यूनिवर्सिटी की छात्रा दिव्या तिवारी ने पुलिस को बताया कि उन्होंने साइकिल बेचने के लिए ओएलएक्स पर एक विज्ञापन दिया था। 25 मई को उनके पास एक व्यक्ति ने खुद को फौजी बताते हुए फोन किया। उसने कहा कि साइकिल खरीदना चाहता है। सौदा तय होने पर आरोपी ने 2 रुपये छात्रा दिव्या तिवारी के बैंक खाते में डाल दिए। आरोपी ने छात्रा को एक एप डॉउनलोड करने के लिए कहा। एप डाउनलोड करते ही छात्रा के खाते से दो बार में 36 हजार रुपये निकाल लिए गए। पीड़िता ने आरोपी को फोन कर अपने पैसे वापस मांगे। इस पर आरोपी ने उसके साथ अभद्रता भी की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।