दक्षिणी दिल्ली में सरकारी अधिकारियों के लिए सात कॉलोनियों की पुनर्विकास परियोजना में भले ही 16500 पेड़ों की कटाई के प्रस्ताव को लेकर हंगामा मचा है लेकिन असल में अब तक अनुमति सिर्फ 4871 पेड़ों की कटाई की ही अनुमति मिली है। वहीं, केंद्र का कहना है कि 16 हजार 500 नहीं बल्कि 14 हजार 500 पेड़ ही कटने हैं।
अमर उजाला के पास मौजूद दस्तावेज के मुताबिक, दिल्ली सरकार ने केंद्र की तरफ से भेजे गए पेड़ की कटाई से जुड़े तीन कॉलोनियों के प्रस्ताव को अभी तक हरी झंडी नहीं दी है। उनमें मोहम्मदपुर, त्यागराज नगर और सरोजनी नगर का नाम शामिल है। वहीं, कस्तूरबा नगर और श्रीनिवासपुरी कॉलोनी का प्रस्ताव अभी तक दिल्ली सरकार को नहीं मिला है।
दस्तावेज के मुताबिक, अकेले सरोजनी नगर में 11 हजार पेड़ों की कटाई का प्रस्ताव दक्षिणी दिल्ली वन संरक्षक के पास केंद्र की ओर से परियोजना प्रस्तावक एनबीसीसी ने भेजा था। इसमें पेड़ों की कटाई की क्षतिपूर्ति को लेकर कोई जिक्र नहीं था। पेड़ों की संख्या काफी ज्यादा होने और प्रस्ताव में अन्य कमियों के चलते वन संरक्षक ने यह प्रस्ताव मंजूर नहीं किया और इसे वापस लौटा दिया। दोबारा 606 पेड़ों की कटाई का प्रस्ताव वन संरक्षक को मिला लेकिन इसमें भी क्षतिपूर्ति का कोई जिक्र नहीं था, लिहाजा इसे भी बिना मंजूरी लौटा दिया गया। त्यागराज नगर में 100 पेड़ों की कटाई और 8 पेड़ों को ट्रांसप्लांट किए जाने का प्रस्ताव था। इसे भी मंजूरी नहीं दी गई, बल्कि इस फाइल को उच्चाधिकारियों के पास विचार के लिए भेज दिया गया है।
इसी तरह मोहम्मदपुर में 447 पेड़ों की कटाई का प्रस्ताव मिला। पर्यावरण मंत्रालय ने इस प्रस्ताव को वापस लौटा दिया। मंत्रालय की ओर से कहा गया था कि इतनी बड़ी संख्या में पेड़ काटने का प्रस्ताव ठीक नहीं है। पेड़ों की संख्या कम की जानी चाहिए। वहीं, दोबारा मुख्य सचिव ने भी इस प्रस्ताव को लौटा दिया।
इन जगहों पर मिली है 4871 पेड़ों की कटाई की मंजूरी
demo photo
नौरोजी नगर में कुल 1454 पेड़ों को काटने और 11 पेड़ों के ट्रांस प्लांटिंग को मंजूर किया गया था। इसमें अभी तक 1302 पेड़ काटे गए और 84 का ट्रांस प्लांटिंग के लिए प्रयास किया गया। दावा है कि कुल 1513 पेड़ों में 127 पेड़ बचाए गए हैं।
वहीं, नेताजी नगर में 2294 पेड़ों की कटाई, 175 पेड़ों की ट्रांस प्लाटिंग और 21 सूखे पेड़ काटे जाने थे। इस तरह 2490 पेड़ों में अभी तक पहले चरण में कुल 856 पेड़ों को काटने की इजाजत दी गई। अभी तक 202 पेड़ काटे गए हैं। किदवई नगर में 1167 पेड़ों को काटने की मंजूरी दी गई है। इनमें 44 पेड़ों को ट्रांसप्लांट किया जाना है।
demo photo
स्थान काटे जाने वाले पेड़ों की संख्या काटे गए पेड़ ट्रांसप्लांट
नौरोजी नगर 1454 1302 11
नेताजी नगर 2294 856 175
किदवई नगर 1123 - 44
मोहम्मदपुर प्रस्ताव मंजूर नहीं - -
सरोजनी नगर प्रस्ताव मंजूर नहीं - -
त्यागराज नगर प्रस्ताव मंजूर नहीं - -
कस्तूरबा नगर कोई प्रस्ताव नहीं - -
श्रीनिवासपुरी कोई प्रस्ताव नहीं - -