आईजीआई एयरपोर्ट समेत दिल्ली के दूसरे कई इलाकों में सुबह दृश्यता 300 मीटर रही। इस दौरान हवा दक्षिण-पूर्व से उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर चली। हवा की गति चार से छह किलोमीटर प्रतिघंटा रही। पहाड़ों से आ रही सर्द हवा ठिठुरन बढ़ा रही है। प्रादेशिक मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को पारा सामान्य रहेगा। इस दौरान न्यूनतम 7 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। वहीं, आसमान साफ रहेगा और सुबह घना कोहरा छा सकता है।
रिज इलाका रहा सबसे अधिक ठंडा
रिज में न्यूनतम तापमान 5.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, यह अन्य इलाकों से सबसे ठंडा रहा। लोदी रोड में 6.2, आया नगर में 6.4 व पालम में 6.5 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, अधिकतम तापमान पीतमपुरा में 18.9 और पूसा में 19.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।