दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने स्वतंत्रता दिवस से पहले अलग-अलग से चार हथियार तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से बड़ी संख्या में हथियार बरामद किए हैं। आरोपियों के कब्जे से दो स्वचालित पिस्टल समेत 55 पिस्टल, 50 कारतूस, बैगन आर कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद की है। एक आरोपी को फिरौती के लिए अपहरण के मामले में उम्रकैद की सजा हो रखी है। वह पैरोल पर बाहर आया हुआ था।
स्पेशल सेल डीसीपी संजीव कुमार यादव के अनुसार स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए गन हाउस चलाने वालों पर विशेष नजर रखी हुई थी। जांच में ये बात सामने आ रही थी कि मध्यप्रदेश से दिल्ली व यूपी समेत अन्य जगहों पर अवैध हथियार आ रहे हैं। इसके तहत एसीपी जसबीर सिंह की देखरेख में इंस्पेक्टर कृष्ण कादियान यूपी बेस अवैध हथियार तस्कर गांव करील जातोई हाथरस, यूपी निवासी राजवीर(33) व गांव करील मुरसान हाथरस, यूपी निवासी धीरज(25) को सात अगस्त को उस समय पकड़ लिया जब वह बुराड़ी फ्लाईओवर के पास अवैध हथियारों की खेप लेकर आए थे।
राजवीर के कब्जे से 16 व धीरज के कब्जे से 9 अवैध पिस्टल बरामद की गईं। ये वैगर आर कार में आए थे। इंस्पेक्टर पीसी यादव व संदीप यादव की टीम ने फिरोजपुर, यूपी बेस अवैध हथियार तस्कर गांव मुबारकपुर, थाना नसीरपुर, फिरोजबाद यूपी निवासी विनोद उर्फ भोला(48) को नजफगढ़-धासना रोड से नौ अगस्त को गिरफ्तार किया। इसके कब्जे से 20 कारतूस समेत दो स्वचालित पिस्टल व आठ बढिय़ा क्वालिटी वाले देशी कट्टे बरामद किए गए।
विनोद न्यू अशोक नगर में फिरौती के लिए अपहरण मामले में शामिल था। इसने मथुरा निवासी साथी अशोक व फिरोजाबाद निवासी प्रेमचंद के साथ स्थानीय बदमाश न्यू अशोक निवासी अजय का अपहरण कर लिया था और 20 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी। इस मामले में विनोद को उम्रकैद की सजा हो रखी है और इस समय पेरोल पर जेल से बाहर आया हुआ था। इंस्पेक्टर मानसिंह व अनुज कुमार की टीम ने कौशल गिरोह के बदमाश धर्मेन्द उर्फ धरमू को द्वारका से 13 अगस्त को गिरफ्तार किया है। ये मेवात व पश्चिमी यूपी से अवैध हथियार लाकर अपने गिरोह के सदस्यों को अवैध हथियार सप्लाई कर रहा था। इसके कब्जे से 20 पिस्टल, तीस कारतूस व मोटरसाइकिल बरामद की गई।
बेरोजगार होने पर बना अवैध हथियार तस्कर-
पेशे से ट्रक ड्राइवर राजवीर की लॉकडाउन के कारण ड्राइवरी की नौकरी चली गई थी। ऐसे में वह गांव के ही एक अवैध हथियार तस्कर के संपर्क में आया। अवैध हथियारों की तस्करी के लिए उसने वैगन आर कार खरीदी थी। ये मध्यप्रदेश से अवैध हथियार लाकर दिल्ली, हरियाणा व यूपी में सप्लाई करता था। वह हथियार लाने के लिए एक ट्रिप के आठ से दस हजार ुपये लेता था। ये भी लॉकडाउन के कारण अवैध हथियार तस्कर बना था। विनोद पांच-छह महीने से अवैध हथियार सप्लाई कर रहा है। विनोद के खिलाफ पहले से 12 से अधिक मामले दर्ज हैं।