दिल्ली के शाहदरा जिले की गीता कॉलोनी इलाके में खूंखार कुत्ते को गले में पट्टा डालकर घुमाने की सलाह देना एक बुजुर्ग को महंगा पड़ गया। कुत्ते के मालिक ने अपने भाई के साथ मिलकर बुजुर्ग राजीव भाटिया (60) को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वारदात के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक राजीव भाटिया परिवार के साथ गीता कॉलोनी इलाके में रहते हैं। घर के पास ही उनका स्पीकर का कारोबार है। रविवार रात करीब 9.00 बजे वह अपनी दुकान से घर लौट रहे थे। इनकी दुकान वाली बिल्डिंग में पांचवी मंजिल पर रहने वाला युवक हन्नी अपने बड़े भाई के साथ पालतू कुत्ता घुमा रहा था। कुत्ता खुला ही था और आते-जाते लोगों पर भौंक रहा था।
कुत्ता किसी को काट न ले, इसके लिए राजीव ने हन्नी से कुत्ते के गले में पट्टा डालने के लिए कह दिया। इस बात पर हन्नी और उसका भाई भड़क गया। दोनों ने गाली- गलौज शुरू कर दी। इसके बाद आरोपियों ने डंडे से राजीव पर हमला कर दिया। पिटाई की वजह से वह बुरी तरह जख्मी होकर सड़क पर अचेत हो गए। सूचना मिलने के बाद राजीव के परिजन मौके पर पहुंचे। बाद में उनको निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।