दिल्ली के आदर्श नगर में बुधवार रात पिटाई से ढाबा कर्मचारी की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। कर्मचारी की ढाबा में खाना खाने आए ई-रिक्शा चालक व उसके दो साथियों से किसी बात पर कहासुनी हो गई थी। पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है जबकि फरार दो आरोपियों की तलाश कर रही है।
मृतक की शिनाख्त दिलीप कुमार के रूप में हुई है। मूलत: बिहार का रहने वाला दिलीप लालबाग में किराए के मकन में रहता था। वह लालबाग स्थित एक ढाबे में काम करता था। बुधवार रात करीब 11 बजे पुलिस को ढाबा पर मारपीट होने की जानकारी मिली। पुलिस ने देखा कि ढाबा का सारा सामान बिखरा पड़ा है और फर्श पर दिलीप अचेत पड़ा हुआ था। पुलिस ने उसे तुरंत पास के अस्पताल में पहुंचाया। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
चश्मदीदों से पूछताछ में पता चला कि ढाबा में खाना खाने आए एक ई-रिक्शा चालक और उसके दो साथियों से दिलीप की किसी बात पर कहासुनी हो गई। जिसमें एक ने उसे दो घुंसे मार दिए। घुंसा लगने पर दिलीप अचेत होकर गिर गया। घटना को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने चश्मदीदों के बयान पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
पुलिस ने तीनों आरोपियों की पहचान कर देर रात छापेमारी शुरू की और इलाके में रहने वाले राहुल को गिरफ्तार कर लिया। दिलीप के चाचा राकेश ने बताया कि दिलीप शारीरिक और मानसिक रूप से कमजोर था।