दिल्ली में घरेलू कलह में एक युवक ने पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी शव को कमरे में बंद कर आत्महत्या करने निकल गया। हिम्मत नहीं जुटा पाने पर दो दिन बाद बुधवार को उसने थाने में जाकर सरेंडर कर दिया। खजूरी खास थाना पुलिस ने लक्ष्मण गुप्ता (28) निवासी खैर, अलीगढ़ को गिरफ्तार कर पत्नी सुमन (25) का शव घर से बरामद कर लिया है।
लक्ष्मण और सुमन की शादी करीब चार साल पूर्व हुई थी। सुमन का घर गांव सीकरी, जिला गाजीपुर, यूपी में है। लक्ष्मण का परिवार खैर, अलीगढ़ में रहता है। उसके परिवार में पिता ओमप्रकाश, मां, तीन भाई और दो बहनें है। शादी के कुछ समय बाद लक्ष्मण दिल्ली आकर मोल्डिंग की एक फैक्टरी में काम करने लगा। लक्ष्मण के मुताबिक सुमन घर का काम नहीं करती थी। इसके अलावा वह दहेज के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर उससे 80 लाख रुपये की मांग करती थी। रविवार को ही दोनों वेस्ट करावल नगर में किराए के मकान में शिफ्ट हुए थे।
लक्ष्मण के मुताबिक सोमवार दोपहर को झगड़े के दौरान उसने सुमन की गला घोंटकर हत्या कर दी। बाद में उसने भी आत्महत्या की ठानी और घर पर ताला लगाकर रेलवे स्टेशन पहुंच गया। वहां हिम्मत न जुटा पाने पर उसने बुधवार दोपहर खजूरी खास थाने पहुंचकर खुद को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस सुमन के परिजनों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।