कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन पर शुक्रवार सुबह कुछ छात्रों ने 12वीं कक्षा के एक छात्र को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर उसे बुरी तरह से जख्मी कर फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि उनके बीच किसी बात को लेकर झगड़ा था। पुलिस ने गंभीर रूप से जख्मी छात्र को पास के अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस तीन छात्रों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित छात्र की पहचान विशाल के रूप में हुई है। वह परिवार समेत रणजीत नगर में रहता है। वह दरियागंज स्थित रामजस स्कूल में पढ़ता है। शुक्रवार सुबह वह अपने कुछ दोस्तों के साथ कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन के पास बस का इंतजार कर रहा था।
घायल छात्र।
- फोटो : अमर उजाला
इसी दौरान करीब एक दर्जन लड़के वहां पहुंचे और विशाल को बुलाकर किनारे में ले गए। वहां कहासुनी होने के बाद सभी ने विशाल को लाठी डंडे से मारना शुरू कर दिया।
विशाल ने वहां से भागने की कोशिश की, लेकिन लड़कों ने उसे दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। उसके दोस्तों ने भी उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने उन लोगों को भगा दिया। हमलावरों ने विशाल पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसे गंभीर रूप से जख्मी करके फरार हो गए।
पुलिस ने विशाल को अस्पताल में भर्ती कराया। विशाल के पिता राजेश व ताऊ राजेंद्र के मुताबिक उसका वर्ष 2016 में कुछ छात्रों के साथ विवाद हुआ था। हालांकि मामले को सुलझा लिया गया।
उसके परिजनों ने जामा मस्जिद इलाके में रहने वाले एक छात्र को नामजद करवाया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तीन छात्रों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ कर रही है।