बवाना इलाके में नकाबपोश बदमाशों ने एक घर में घुसकर परिवार को बंधक बनाकर डकैती की वारदात को अंजाम दिया। इस दौरान बदमाशों ने बुजुर्ग दंपति के साथ मारपीट भी की।
बदमाश घर से नगदी और जेवरात लूटकर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार नवीन कुमार (20) बवाना के बाबा मालदेन कॉलोनी में रहते हैं।
परिवार में पिता फूल कुमार, मां रोशनी और 9 साल की बहन करिश्मा है। नवीन बवाना औद्योगिक इलाके में काम करते हैं। नवीन बुधवार रात घर के आंगन में सोए हुए थे।
इसी दौरान छह नकाबपोश बदमाश घर में घुस गए। बदमाशों ने नवीन को जगाकर पिटाई कर दी। बदमाश उन्हें हथियार के बल पर कब्जे में कर घसीटते हुए परिजनों के कमरे में ले गए।
जहां बदमाशों ने बुजुर्ग दंपति से मारपीट की और परिवार के सभी सदस्यों के हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए। उसके बाद बदमाशों ने करीब एक घंटे तक पूरे घर को खंगाला और घर से हजारों रुपये नगदी और जेवरात लेकर फरार हो गए।
बदमाशों के जाने के बाद पीड़ित ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मुआयना करने के बाद डकैती का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।