पहाड़ से कच्चा पत्थर चोरी करने का मामला सामने आया है। खनन विभाग के निरीक्षक के बयान पर पुलिस ने 6 नामजद व्यक्तियों के खिलाफ सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों की अवहेलना करने व प्रतिबंधित पहाड़ से पत्थर चोरी करने का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
खनन निरीक्षक अशोक कुमार ने बताया की नूंह जिला की अरावली पहाड़ियों पर 16 दिसंबर 2002 से अवैध खनन पर प्रतिंबध लगा हुआ है। इसी क्रम में गत 17 जनवरी को वह खनन रक्षक धर्मपाल व चालक राजेन्द्र के साथ गांव भंगोह थाना तावडू के पहाड़ का निरीक्षण करने पहुंचे तो खदान के अंदर अवैध खनन का होना पाया गया।
खदान के पास डंपर व जेसीबी मशीन के टायरों के निशान भी पाए गए। निरीक्षक का कहना है की जब ग्रामीणों से अवैध खनन के बारे में पूछताछ की तो पता चला की रात्रि के समय कुछ लोग चोरी से अवैध खनन कर कच्चा पत्थर भरकर ले जाते हैं।
खनन निरीक्षक कार्यालय सहायक खनन अभियंता खान एंव भू-गर्भ विभाग गुरुग्राम के बयान पर इरफान व आरिफ निवासी भंगोह , खल्ली व आबिद गांव खेड़ा व खालिद व जाउल निवासी मोहम्मदपुर ढाणी 6 नामजद के खिलाफ सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों की अवहेलना करने व सरकारी संपत्ति की चोरी करने का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।