खंड के गांव जलालपुर सोहना में सरकारी काम में बाधा डालने व मारपीट करने के मामले में पुलिस ने सरपंच की शिकायत पर 17 नामजद लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। पुलिस का दावा है की जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
ग्राम पंचायत जलालपुर सोहना के सरपंच इमरान ने पुलिस को बताया की गांव के कुछ दबंग लोगों ने फिरनी पर अवैध कब्जा किया हुआ है। जिसे हटाने के लिए पंचायत की और से 14 जनवरी को पटवारी व गिरदावर से फिरनी की पैमाइश कराई जा रही थी।
सरपंच का आरोप है की जब शाम करीब 4 बजे खेड़ा ढाणी पर पैमाइश करने पहुंचे तो यामीन ने विरोध करते हुए पैमाइश का काम रोक दिया। उक्त व्यक्ति ने पंचायत की फिरनी पर लंबे समय से अवैध कब्जा किया हैं। कब्जा हटवाने पर अंजाम भुगतने की धमकी देते हुए विरोध करने पर उक्त व्यक्ति ने गाली गलौज करते हुए अपने पक्ष के लोगों के साथ मिलकर लाठी, डंडे, सरिया व अवैध हथियार से उसके परिजनों पर हमला कर दिया।
सरपंच का आरोप है की झगड़े में इकबाल , साहून व आमिर पर फरसा, लाठी से हमला किया गया। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। झगडे़ का शोर सुनकर मौके पर पहुंची महिला मीना को भी दोषियों ने घायल कर दिया। सरपंच का आरोप है की विरोध करने पर दोषियों ने उसे व उसके भाई मुबारिक के साथ भी मारपीट की।
सरपंच का आरोप है की झगड़ालू दबंग व आपराधिक किस्म के व्यक्ति हैं। पुलिस ने सरपंच इमरान के बयान पर यामीन , साजिद , खुर्शीद , इसराईल , वाजिद , हसन मुबारिक , अरसद , इरफान , आजम , आरिफ , आसिफ , इमरान , साबरा , जरीना , रबीना व जुबैदा 17 नामजद के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने व जानलेवा हमला करने सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।