नोएडा के कनावनी गांव में जमीन के लिए हुआ खूनी संघर्ष अभी थमा नहीं कि एक और जमीनी विवाद में लाठी-डंडे चल गए।
थाना सेक्टर-49 क्षेत्र में एक प्लॉट के बंटवारे को लेकर सोमवार को जमकर लाठी-डंडे चले। दारोगा पर सगे भाई पर हमला करने का आरोप लगा है।
इसमें भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। उधर, दारोगा का आरोप है कि ग्राम प्रधान की मिली भगत से उसके भाई पूरा प्लॉट कब्जा कर रहे हैं। बंटवारे को लेकर पहले भी विवाद हो चुका है।
जमकर चले ईंट-पत्थर और लाठी-डंडे
गांव सोरखा जाहिदाबाद में सगे भाई रतन सिंह, अमर सिंह, देवी सिंह, वीर सिंह, जय सिंह, रण सिंह, और पीतल सिंह का 700 गज का प्लॉट है। सभी भाइयों की बराबर की हिस्सेदारी है।
सात भाइयों में से एक भाई अमर सिंह गाजियाबाद स्थित एसएसपी ऑफिस में दारोगा है। उसका आरोप है कि भाई रण सिंह ग्राम प्रधान नरेश यादव के साथ मिलकर पूरा प्लॉट कब्जाने का प्रयास कर रहा है।
वहीं, रण सिंह ने दारोगा पर प्लॉट हड़पने का आरोप लगाया है। सोमवार शाम को बंटवारे पर विवाद हो गया। इसमें दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे, ईंट-पत्थर चले और रण सिंह घायल हो गया।
यह है विवाद की जड़
मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। सीओ तृतीय राजकुमार मिश्र ने बताया कि भाइयों में प्लॉट बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा है और बंटवारा पहले हो चुका है।
तीन भाई चाहते हैं कि उन्हें फ्रंट की जमीन मिले, जबकि अन्य भाई देने को तैयार नहीं। इस पहले हुए झगड़े में भाइयों को पाबंद कर दिया गया था, लेकिन सोमवार को फिर से झगड़ा हो गया।