नगर के कठहेरा रोड पर प्लाट के विवाद के चलते भांजे ने अपने साथियों के साथ मिलकर मामा पर फायरिंग करने का मामला प्रकाश में आया है। मामा ने भांजे के खिलाफ दादरी कोतवाली में शिकायत की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि दादरी कोतवाली क्षेत्र के तहत नगर के कठहेरा रोड स्थित भट्टा वाली रोड पर स्थित राव नगर में निरंजन सिंह का परिवार रहता है। निरंजन सिंह के परिवार के लोगों में प्लाट को लेकर विवाद चल रहा है।
मंगलवार सायं को निरंजन सिंह का भांजा जितेंद्र अपने साथियों के साथ उसके घर पहुंचा। प्लाट के मामले को सुलझाने की धमकी देने लगा। विरोध करने पर जितेंद्र ने जान से मारने की नीयत से मामला पर फायरिंग कर दी। जिससे वह बाल बाल बच गया।
शोर मचाने पर आसपास के लोग आ गए। जिन्हें देखकर फरार हो गया। घटना की सूचना दादरी पुलिस को दी गई। घटना की तहरीर कोतवाली में दे दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामला परिवारिक संपत्ति के बंटवारे का है। जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।