केशवपुरम इलाके में बाइक सवार बदमाशों ने बुजुर्ग कैश कलेक्शन एजेंट से छह लाख रुपयों से भरा बैग लूट लिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
पीड़ित सत्यप्रकाश (68) की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
पुलिस के मुताबिक सत्य प्रकाश परिवार के साथ रोहिणी सेक्टर-24 में रहते हैं। यह केशवपुरम स्थित एक कंपनी में कैश कलेक्शन एजेंट का काम करते हैं।
मंगलवार सत्यप्रकाश घर से खारी बावली पेमेंट कलेक्ट करने आए थे। कई पार्टियों से रुपये लेने के बाद सत्यप्रकाश वापस अपने दफ्तर लौट रहे थे। इस बीच केशवपुरम मेन रोड पर बाइक सवार बदमाशों ने सत्यप्रकाश से रुपयों से भरा बैग लूट लिया।
वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने अपनी कंपनी और पुलिस को सूचना दी। छानबीन के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।