बल्लभगढ़, हरियाणा की रहने वाली मां-बेटी ने ट्रेड फेयर के बिजनेस ऑवर में धूम स्टाइल में आफत मचा रखी थी। वह 500-500 रुपये का टिकट लेकर ट्रेड फेयर जाती थीं और वारदात कर रहीं थीं। शुक्रवार को इन्होंने पूर्व एडमिरल कपिल की पत्नी के पर्स पर हाथ साफ कर दिया था।
इस दौरान वो पुलिस के हत्थे चढ़ गईं। दोनों महंगे कपड़े पहनकर जाती थीं ताकि कोई इन पर संदेह न करे। पुलिस ने शनिवार को दोनों को पटियाला कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। आरोपी मां-बेटी की वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
नई दिल्ली जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार पूर्व एडमिरल कपिल की पत्नी स्वाती शुक्रवार को ट्रेड फेयर गई थीं। वह जब हॉल नंबर दस में थीं तभी दो महिलाओं ने उनके पर्स पर हाथ साफ कर दिया। स्वाति को पता लगा तो उसने शोर मचा दिया।
हॉल के पास गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों ने लोगों की मदद से मां-बेटी को गिरफ्तार कर लिया। उनके खिलाफ चोरी का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपियों की पहचान आशाबाई पत्नी अभिमन्यु और उसकी बेटी संजना के रूप में हुई। ये दोनों बल्लभगढ़, सरकारी अस्पताल के पास रहती हैं।
इन दोनों ने बताया कि वह जब से ट्रेड फेयर शुरू हुआ है तब से वारदात करने यहां आ रही थी। ये ट्रेड फेयर में घुसने के लिए 500-500 रुपये का टिकट लेती थीं। शाम तक वारदात कर अपने घर चली जाती थी। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी मां-बेटी कितनी वारदात को अंजाम दे चुकी हैं। मां-बेटी की करतूत हॉल में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई है।